
देहरादून 27 अक्टूबर। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में रविवार को 15वीं उत्तराखंड राज्य स्तरीय आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। जिम्नास्टिक फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में जिम्नास्टिक एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों और जिम्नास्टिक अकादमियों के करीब 150 बालक-बालिकाओं ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में बालिका वर्ग की ट्रॉफी दून जिम्नास्टिक अकादमी, बालक वर्ग की ट्रॉफी सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी और ओवरऑल टीम ट्रॉफी शेरवुड कॉलेज नैनीताल ने जीती। व्यक्तिगत प्रदर्शन में सब-जूनियर वर्ग की समृद्धि शर्मा ने तीन स्वर्ण पदक हासिल किए, जबकि मिनी-2 वर्ग में शनाया सुधांशु ने तीन स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
जिम्नास्टिक एसोसिएशन के महासचिव प्रमोद चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों और अकादमियों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बालिकाओं की भागीदारी बालकों की अपेक्षा अधिक रही और उन्होंने बेहतर प्रदर्शन भी किया।
प्रतियोगिता में सेंट जॉर्ज कॉलेज मसूरी, दून इंटरनेशनल स्कूल, ओएसिस स्कूल, सेंट जोसेफ्स अकादमी, सन वैली स्कूल, पतंजलि गुरुकुलम हरिद्वार, माउंट फोर्ट अकादमी, द एशियन स्कूल, हिलग्रेंज स्कूल, कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी, शेरवुड कॉलेज नैनीताल और दून जिम्नास्टिक अकादमी के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
आयोजकों ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में जिम्नास्टिक को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने के साथ ही भविष्य की उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर मिलता है।









