राज्य स्थापना दिवस पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 26 अक्टूबर ।मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ उत्तराखंड के बैनर तले एकता विहार धरना स्थल पर बेरोजगार लैब तकनीशियनों का अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को 161वें दिन भी जारी रहा। चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे लैब तकनीशियनों ने सरकार पर मांगों के समाधान में लगातार देरी करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि मुख्यमंत्री से सकारात्मक और निर्णायक वार्ता नहीं होने पर राज्य स्थापना दिवस पर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष चंद्र और प्रदेश महासचिव मयंक राणा ने बताया कि रविवार को रोजगार शव यात्रा और मुख्यमंत्री आवास कूच के बाद मुख्यमंत्री के ओएसडी की ओर से विधानसभा सत्र के बाद मुख्यमंत्री से वार्ता कराने का आश्वासन दिया गया है। उन्होंने कहा कि लैब तकनीशियन लंबे समय से रोजगार और अपने अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। पूर्व में कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि यदि इस बार मुख्यमंत्री के साथ सकारात्मक वार्ता नहीं हुई और मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो बेरोजगार लैब तकनीशियन बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। सरकार की ओर से जल्द निर्णय नहीं लिए जाने पर राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी गई।

संघ ने लैब तकनीशियनों की सेवा नियमावली जल्द लागू करने, आईपीएचएस मानकों के अनुसार पर्याप्त पद सृजित कर नियमित भर्ती करने, वर्षवार मेरिट के आधार पर पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाने और भर्ती में देरी के कारण आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों को एकमुश्त आयु सीमा में छूट देने की मांग की। इसके अलावा सरकारी प्रयोगशालाओं के निजीकरण और टेंडर प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग भी दोहराई गई।

धरने में संघ के उपाध्यक्ष रणवीर बिष्ट, कबीर पोखरिया, रजत, कुलभूषण, सिद्धार्थ कुकरेती, नवनीत, अनूप सहित अन्य लैब तकनीशियन मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें