निष्काम सेवा और समर्पण की आभा बिखेरेगा 79वां वार्षिक संत समागम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 5 अक्टूबर। संत निरंकारी मिशन का 79वां वार्षिक संत समागम 23 से 26 अक्टूबर तक समालखा स्थित संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर आयोजित किया जाएगा। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन सान्निध्य में होने वाले इस समागम का मुख्य विषय ‘जागृति’ रखा गया है। समागम में प्रेम, सेवा, सद्भाव, मानव एकता और प्रभु-भक्ति का संदेश दिया जाएगा।

समागम को लेकर तैयारियां पूरे उत्साह और सेवा भाव के साथ चल रही हैं। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु निर्माण कार्य, शामियाने लगाने, स्वच्छता, जल व्यवस्था और भोजन सेवा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं में निःस्वार्थ भाव से जुटे हुए हैं। समागम स्थल पर मुख्य प्रवेश द्वार भी आकार ले रहा है, जो प्रेम, समरसता और आत्मिक एकत्व का प्रतीक होगा।

मिशन के अनुसार, सेवा और समर्पण के माध्यम से श्रद्धालु सतगुरु के प्रति अपनी श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त कर रहे हैं। सेवा में जुटे श्रद्धालुओं के चेहरों पर परिश्रम की थकान के बजाय संतोष और आनंद की अनुभूति दिखाई दे रही है। उनके लिए सेवा केवल दायित्व नहीं, बल्कि आध्यात्मिक आनंद और प्रभु-भक्ति का माध्यम है।

समागम का विषय ‘जागृति’ अंतर्मन में प्रभु के प्रकाश और आत्मिक चेतना के नवजागरण की भावना को दर्शाता है। मिशन का मानना है कि ब्रह्मज्ञान, सत्संग, सुमिरन और निःस्वार्थ सेवा के माध्यम से मनुष्य प्रेम, शांति और मानव एकता के मार्ग पर आगे बढ़ता है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समागम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। विभिन्न क्षेत्रों और संस्कृतियों से आने वाले श्रद्धालु यहां एकत्व और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को साकार करेंगे। चार दिवसीय यह संत समागम मानवता, समरसता और सेवा का संदेश देने वाला आध्यात्मिक महापर्व होगा।

Leave a Comment

और पढ़ें