
खटीमा, 1 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लोहियाहेड हेलीपैड स्थित कैंप कार्यालय में जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा सरकार का मूल उद्देश्य है और आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि” के मंत्र के साथ कार्य कर रही है।इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की तथा विकास कार्यों को और गति देने का भरोसा दिया।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 27 दिव्यांगजनों को 77 सहायक उपकरण तथा 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें 11 बैटरी रिक्शा, 14 व्हीलचेयर, 18 कमोड चेयर, 6 ट्राई साइकिल, 24 हियरिंग मशीन, 40 नी-ब्रेस, 13 बैसाखियां, वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन और सीपी चेयर शामिल हैं।
इसके अलावा ग्रामोत्थान रीप योजना के तहत नारी शक्ति ग्राम संगठन गदरपुर और सत्यमेव जयते सीएलएफ बाजपुर को बोलेरो वाहन तथा एकता सीएलएफ गदरपुर को फूड वैन की चाबी भी सौंपी गई।
इस अवसर पर दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, किशन सिंह किन्ना, गंभीर सिंह धामी, रणजीत सिंह नामधारी, मोहिनी पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।








