सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 14 जुलाई ।उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज उपभोक्ता शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर ऐसा हो कि उपभोक्ता को दोबारा शिकायत दर्ज कराने की जरूरत न पड़े।

सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में ध्यानी ने सभी वरिष्ठ, क्षेत्रीय और फील्ड अधिकारियों को शिकायतों की नियमित समीक्षा करने, निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में निर्देश दिए गए कि शिकायतों का वास्तविक और स्थायी समाधान किया जाए, वरिष्ठ अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करें, सभी क्षेत्रीय कार्यालयों और वितरण मंडलों के बीच बेहतर समन्वय बनाया जाए तथा आवश्यकतानुसार उपभोक्ताओं से संवाद कर फीडबैक भी लिया जाए। साथ ही अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल का नियमित अवलोकन कर प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि यूपीसीएल उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी शिकायतों के त्वरित, प्रभावी और संतोषजनक समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन से शिकायत निस्तारण व्यवस्था अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और उपभोक्ता-केंद्रित बनेगी तथा निगम के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।

Leave a Comment

और पढ़ें