बद्रीनाथ चढ़ावा मामले की हाई कोर्ट के तीन सिटिंग जजों से जांच हो: विधायक लखपत सिंह बुटोला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 8 जुलाई। बद्रीनाथ विधानसभा से कांग्रेस विधायक लखपत सिंह बुटोला ने बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के मामले में उच्च न्यायालय के तीन सिटिंग जजों की समिति से जांच कराने की मांग की है। राजधानी देहरादून में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने राज्य सरकार और बद्री-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विभागीय जांच पर उन्हें भरोसा नहीं है और मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच न्यायिक समिति से कराई जानी चाहिए।

बुटोला ने कहा कि बद्रीनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और यदि चढ़ावे में गड़बड़ी हुई है तो यह केवल वित्तीय अनियमितता नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था के साथ भी खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि वह उस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं जहां भगवान बद्रीनाथ और श्री हेमकुंड साहिब जैसे पवित्र तीर्थस्थल स्थित हैं। ऐसे पावन स्थलों पर चढ़ावे में कथित चोरी की घटनाएं अत्यंत दुखद हैं।कांग्रेस विधायक ने सरकार पर मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसी छोटे कर्मचारी को बलि का बकरा बनाकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। उनका कहना था कि बीकेटीसी के सदस्यों की नियुक्ति सरकार करती है, इसलिए कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी भी सरकार की बनती है।
बुटोला ने यह भी दावा किया कि सत्ता पक्ष के कई विधायक अपनी ही सरकार से असंतुष्ट हैं और उनकी बात नहीं सुनी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास के दावे तो कर रही है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, चमोली के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह तथा विजेंद्र रावत भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें