मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं के लिए ₹213 करोड़ मंजूर किए

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 4 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में आधारभूत सुविधाओं के विकास, धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की तैयारियों, पेयजल योजनाओं, सड़क निर्माण तथा किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए कुल ₹213 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इन स्वीकृतियों में कुंभ मेला-2027, नंदा देवी राजजात यात्रा, सड़क निर्माण, पेयजल योजनाएं, मंदिर सौंदर्यीकरण और कृषि ऋण जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने चमोली जिले में वर्ष 2026 की नंदा देवी राजजात यात्रा के अंतर्गत नलगांव-भटियाणा मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए ₹8.68 करोड़ की स्वीकृति दी है। वहीं कुंभ मेला-2027 की व्यवस्थाओं के लिए पुलिस प्रशासन हेतु प्रस्तावित ₹35 करोड़ के बजट को भी मंजूरी प्रदान की गई है।

सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए रुद्रपुर के बिंदुखेड़ा-रायपुर मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण हेतु ₹3.95 करोड़, देहरादून में रिस्पना पुल से धर्मपुर चौक तक तीन लेन एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण के लिए ₹3.37 करोड़, जागेश्वर क्षेत्र में शहीद लांस नायक दिनेश सिंह मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण हेतु ₹4.92 करोड़ तथा ऊखीमठ क्षेत्र के ताला बरंगाली मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए ₹3.17 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास के तहत सल्ट क्षेत्र स्थित कुलान्टेश्वर महादेव मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए ₹50.08 लाख, धारचूला के ग्राम बौन में मंदिर सौंदर्यीकरण एवं चारदीवारी निर्माण के लिए ₹85 लाख तथा चौखुटिया क्षेत्र में राम पादुका मंदिर स्नान घाट निर्माण के लिए ₹37.60 लाख मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा सुकेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य को पूरा करने हेतु ₹1.25 करोड़ की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में चम्पावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना के लिए ₹60 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

पेयजल योजनाओं के तहत अगस्त्यमुनि नगर पंचायत की छेनागाड़ पेयजल योजना के लिए ₹55.22 करोड़ तथा देहरादून के गंगोत्री विहार क्षेत्र में नलकूप खनन एवं संबंधित कार्यों के लिए ₹2.22 करोड़ की मंजूरी दी गई है।

बागेश्वर जिले में देवलधार-माईथान-लेटी-गिरेछीना मोटर मार्ग निर्माण के लिए ₹8.52 करोड़ तथा सितारगंज क्षेत्र में दो सड़क निर्माण परियोजनाओं के लिए लगभग ₹2.68 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं हरिद्वार के पिरान कलियर क्षेत्र में श्मशान घाट की बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु ₹16.49 लाख मंजूर किए गए हैं।

किसानों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने फसल ऋण, वाणिज्यिक फसलों और सहकारी क्षेत्र की मिलों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए प्रावधानित राशि के अंतर्गत ₹81.47 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति का अनुमोदन भी किया है।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विकासखंड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय धौलरा का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय विद्याधर वैष्णव के नाम पर रखे जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं के विकास, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, किसानों की आय में वृद्धि तथा जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें