मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने किया बजरंग सेतु और हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

टिहरी गढ़वाल, 4 जून। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल जनपद के तपोवन स्थित बजरंग सेतु तथा नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति, सुरक्षा मानकों और स्थानीय आजीविका से जुड़े प्रयासों का जायजा लिया।

बजरंग सेतु के निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने मुख्य सचिव को सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं तथा निर्माण कार्य से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। मुख्य सचिव ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन पर जोर दिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्य सचिव ने प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने उन्हें प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों, दैनिक बिक्री और वित्तीय सहायता से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भोजनालय को रीप परियोजना से छह लाख रुपये, बैंक ऋण के रूप में तीन लाख रुपये तथा सीएलएफ योगदान के रूप में एक लाख रुपये की सहायता प्राप्त हुई है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास व्यापक वृक्षारोपण सुनिश्चित करने तथा मेनू को स्पष्ट और सुव्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

मुख्य सचिव ने कहा कि स्थानीय पर्यटन और आजीविका को बढ़ावा देने वाले ऐसे प्रयासों को सरकार और अधिक सशक्त बनाएगी, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिल सके।

इस अवसर पर लोक निर्माण, औद्योगिक, खनन एवं आयुष विभाग के सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिडियाल, डीडीओ मोहम्मद असलम, ईओ अंजलि तथा बीडीओ श्रुति वत्स सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें