
देहरादून 28 मई। मेडिकल लैब टैक्नोलॉजिस्ट संघ के बैनर तले एकता विहार स्थित धरना स्थल पर बेरोजगार मेडिकल लैब तकनीशियनों का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को दसवें दिन भी जारी रहा। अपनी लंबित एवं न्यायोचित मांगों को लेकर आंदोलनरत तकनीशियनों ने सरकार तक अपनी आवाज़ पहुंचाने के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
धरना स्थल पर चमोली से भाजपा जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री पहुंचे और बेरोजगार लैब तकनीशियनों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने आईपीएचएस मानकों के अनुरूप पदों के सृजन, वर्षवार मेरिट के आधार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने तथा सरकारी लैबों के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग को जायज बताया।
भाजपा नेता लक्ष्मण खत्री ने आश्वासन दिया कि वह तकनीशियनों की समस्याओं और मांगों को मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखेंगे। उन्होंने कहा कि लैब तकनीशियन स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं और पर्वतीय क्षेत्रों में उनके पद सृजित होने से जहां बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं दूरस्थ क्षेत्रों की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार की ओर से जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा क्रमिक धरना और उग्र प्रदर्शन किए जाएंगे।
धरने में रणवीर बिष्ट, मयंक राणा, आशीष खाली, पूजा रावत, सविता खत्री, अनूप रावत, महादीप भट्ट, सर्वेश वशिष्ठ, अनुराग पंत, लोकेंद्र भट्ट, राहुल देव, विश्वदीपक, अजय नयाल, विनय उनियाल, दीपक जोशी, दिनेश पाली, आशुतोष सेमवाल, भूपेश पंत, शरद पाल, बिजेंद्र सेमवाल, राजेश रावत, अर्जुन मेहता, चंद्रा सिंह, सोहन रावत, हिमांशु गैरोला सहित अनेक लैब तकनीशियन मौजूद रहे।








