
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर प्रदेश के पेंशनरों के लिए जीवन प्रमाण पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) का सत्यापन अब आसान और पारदर्शी हो गया है। डिजिटल तकनीक के उपयोग से पेंशनर अब घर बैठे ही ऑनलाइन सत्यापन कर पा रहे हैं, जिससे उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
प्रदेश में वर्तमान में करीब डेढ़ लाख पेंशनर हैं, जबकि देहरादून में 22 हजार से अधिक पेंशनर निवास करते हैं। पेंशनरों की सुविधा के लिए “जीवन प्रमाण” ऐप और “आधार फेस आरडी” तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इसके माध्यम से पेंशनर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (डीएलसी) आसानी से ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।
देहरादून कचहरी स्थित मुख्य कोषाधिकारी कार्यालय में स्थापित पेंशनर फैसिलिटेशन हॉल में भी डीएलसी के माध्यम से लगातार सत्यापन किया जा रहा है। यहां पेंशनरों को आधार अपग्रेडेशन के साथ डिजिटल प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। एक अप्रैल 2024 से अब तक इस केंद्र में एक लाख 84 हजार से अधिक पेंशनरों का डिजिटल सत्यापन किया जा चुका है।जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कोषागार का निरीक्षण करते हुए अधिक से अधिक पेंशनरों का डिजिटल माध्यम से सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को घर बैठे सुविधा मिल सके।
पेंशनर “जीवन प्रमाण” ऐप के माध्यम से ऑपरेटर आईडी बनाकर स्वयं भी घर बैठे अपना सत्यापन कर सकते हैं। इसके लिए आधार अपडेट होना और आधार नंबर का मोबाइल नंबर व कोषागार से लिंक होना आवश्यक है।
इसके अलावा आईएफएमएस (इंटीग्रेटेड फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम) ऐप के जरिए पेंशनर अपनी सत्यापन स्थिति ऑनलाइन देख सकते हैं और पेंशन स्टेटमेंट डाउनलोड कर सकते हैं।पेंशनरों की सहायता के लिए निदेशालय कोषागार की ओर से 8899890000 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। वहीं अधिक जानकारी के लिए treas-fdc-uk@nic.in पर संपर्क किया जा सकता है।
दून निवासी पेंशनर श्रीकांत उपाध्याय ने बताया कि पेंशनर फैसिलिटेशन हॉल में उन्हें डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने का प्रशिक्षण दिया गया, जिससे अब वे भविष्य में घर बैठे आसानी से अपना लाइफ सर्टिफिकेट नवीनीकरण कर सकेंगे।
मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी ने बताया कि पेंशनरों की सुविधा के लिए कोषागार में पेंशनर फैसिलिटेशन हॉल स्थापित किया गया है, जहां ऑनलाइन प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने पेंशनरों से ऑनलाइन सत्यापन के दौरान ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने की अपील भी की।







