मुख्यमंत्री ने किया हल्द्वानी में 6.75 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक कुमाऊँ मीडिया सेंटर शिलान्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


हल्द्वानी, 25 मई 2026 । कुमाऊँ क्षेत्र में मीडिया सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी में कुमाऊँ मीडिया सेंटर भवन का विधिवत शिलान्यास किया। करीब ₹6 करोड़ 75 लाख 88 हजार की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक केंद्र क्षेत्र के पत्रकारों के लिए समर्पित बहुउद्देश्यीय सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मीडिया सेंटर केवल एक भवन नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ—पत्रकारिता—को समर्पित एक सशक्त मंच होगा। उन्होंने कहा कि अब तक कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों को कई कार्यों के लिए देहरादून पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन इस सेंटर के बनने से अधिकांश गतिविधियां हल्द्वानी से ही संचालित हो सकेंगी।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा सेंटर
प्रस्तावित मीडिया सेंटर में आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट, डिजिटल स्टूडियो, समृद्ध लाइब्रेरी, कैंटीन और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों—मुनस्यारी, बागेश्वर, कपकोट, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा और रानीखेत से आने वाले पत्रकारों के लिए आवासीय गेस्ट रूम की व्यवस्था भी की जाएगी।
निरीक्षण कार्यों में आएगी पारदर्शिता
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि समाचार पत्रों से संबंधित निरीक्षण कार्य अब इसी मीडिया सेंटर से संचालित किए जाएंगे, जिससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी तथा पत्रकारों को प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सहूलियत मिलेगी।
पत्रकार कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सुरक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। पत्रकार कल्याण कोष को बढ़ाकर ₹5 करोड़ किया गया है। साथ ही अधिस्वीकृत पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए ₹5 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा लागू है तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8000 प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है।उन्होंने विश्वास जताया कि यह मीडिया सेंटर हल्द्वानी को कुमाऊँ क्षेत्र का प्रमुख मीडिया हब बनाएगा और यहां से होने वाली पत्रकारिता क्षेत्रीय ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभावी भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि “पत्रकारों की कलम ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है।”इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
कुमाऊँ मीडिया सेंटर का निर्माण राज्य में मीडिया इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा और पारदर्शी व सशक्त लोकतांत्रिक व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें