खटीमा में 89 लाख की विकास योजनाओं का लोकार्पण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खटीमा 25 मई 2026 ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा भ्रमण के दौरान विकासखंड कार्यालय परिसर में लगभग 89 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुई विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, युवा सशक्तिकरण और जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्यमंत्री ने 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक “दीदी की लाइब्रेरी”, 7.50 लाख रुपये से नवीनीकृत व्यायामशाला भवन तथा 26.50 लाख रुपये की लागत से विकासखंड सभागार के आधुनिकीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज की प्रगति का आधार है और खटीमा में स्थापित ‘दीदी की लाइब्रेरी’ विद्यार्थियों व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह पुस्तकालय युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगा और उनके सपनों को साकार करने में सहायक होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्र संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाते थे, लेकिन इस लाइब्रेरी के माध्यम से उन्हें गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और शांत वातावरण मिलेगा। उन्होंने बताया कि पुस्तकालय का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जिससे महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिलेगा।व्यायामशाला के आधुनिकीकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित यह व्यायामशाला युवाओं को फिटनेस और खेल के प्रति प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में फिट इंडिया अभियान को बढ़ावा मिल रहा है और राज्य सरकार भी युवाओं को स्वस्थ व नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास पर समान रूप से कार्य कर रही है, ताकि समाज के हर वर्ग को विकास का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि खटीमा उनके गृह क्षेत्र के साथ-साथ विकास के प्रति उनकी विशेष प्राथमिकता का केंद्र है और इसके सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें