
देहरादून/खटीमा, 25 मई 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम सभाओं में स्थित सरकारी भूमि की भी व्यापक जांच की जाए और भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां भी उल्लंघन पाया जाए, संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए। साथ ही शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को भी तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने वक्फ संपत्तियों का पूरा ब्योरा ‘उम्मीद पोर्टल’ पर दर्ज करने और उसकी नियमित समीक्षा व जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंस की जांच करने और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों की पहचान करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही जनसेवा केंद्रों की जांच कर अवैध राशन कार्ड के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले अपात्र लोगों को चिन्हित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वेरिफिकेशन ड्राइव में तेजी लाने और संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। आगामी मानसून को देखते हुए उन्होंने सभी जिलों को पूर्व तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा। प्रत्येक जिले में मानसून पूर्व समीक्षा बैठक आयोजित कर पेयजल, सड़क मरम्मत और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अनावश्यक बिजली कटौती किसी भी स्थिति में न हो। यदि कटौती आवश्यक हो, तो इसकी पूर्व सूचना जनता को समय रहते दी जाए।
चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं से नियमित फीडबैक लेने और उसके आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्गों पर पेयजल व्यवस्था सुचारु रखने और ट्रैफिक प्रबंधन की प्रभावी योजना लागू करने को कहा। साथ ही मानसखंड यात्रा के तहत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को आगामी माह तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कृषि एवं उद्यान विभाग को निर्देशित किया कि पॉलीहाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन जैसी योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से किसानों तक पहुंचे। उन्होंने परिणाम आधारित कार्य संस्कृति अपनाने पर जोर देते हुए किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता बताई।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोशीमठ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और मानसून से पहले संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा।









