

देहरादून 7 अप्रैल। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, शाखा देहरादून की ओर से राजपुर रोड स्थित साईं इंस्टीट्यूट में रक्तदान शिविर और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने छात्रों को पौष्टिक आहार और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए संतुलित भोजन और नियमित दिनचर्या बेहद जरूरी है।
भारतीय रेड क्रॉस शाखा देहरादून के चेयरमैन डॉ. एम.एस. अंसारी ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निर्माण होता है। उन्होंने युवाओं से जंक फूड से दूर रहने और पारंपरिक मोटे अनाज को अपने भोजन में शामिल करने की अपील की।
रेड क्रॉस की सचिव कल्पना बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना काल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और “दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि भारत की ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना वैश्विक स्वास्थ्य सहयोग की सोच को मजबूत करती है।कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि डॉ. सरफराज हुसैन ने कहा कि संचार के साधनों के विस्तार के साथ बीमारियां भी वैश्विक स्तर की चुनौती बन गई हैं। उन्होंने नशे की बढ़ती समस्या और मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए छात्रों से मोबाइल और कंप्यूटर के स्क्रीन टाइम को नियंत्रित रखने की सलाह दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिल वर्मा ने किया। इस अवसर पर संस्थान की प्रधानाचार्या संध्या, आरती रौथाण, रेड क्रॉस प्रबंधन समिति की सदस्य प्रेमलता वर्मा, नारायण सिंह, जाहिद हुसैन, शिफाहत अंसारी, मोहन खत्री, रतूड़ी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





