
देहरादून, 01 अप्रैल 2026।
02 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली श्री बालाजी महाराज शोभायात्रा के दृष्टिगत देहरादून यातायात पुलिस ने विशेष यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह शोभायात्रा दोपहर 3:30 बजे शिवाजी धर्मशाला से प्रारम्भ होकर सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, रामलीला बाजार, धामावाला, पलटन बाजार, हनुमान मंदिर, चकराता रोड, बिन्दाल चौक, तिलक रोड और भंडारी चौक होते हुए पुनः सहारनपुर चौक से शिवाजी धर्मशाला पहुंचेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार शोभायात्रा के शिवाजी धर्मशाला से प्रस्थान करते ही निरंजनपुर मंडी लालपुल और मातावाला बाग कट से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को जीएमएस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं प्रिंस चौक और रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले वाहनों को आवश्यकता अनुसार रोक-रोककर छोड़ा जाएगा।
शोभायात्रा के सहारनपुर चौक पहुंचने से पहले बल्लीवाला और लक्ष्मण चौक से कोई भी वाहन सहारनपुर चौक की ओर नहीं आने दिया जाएगा। बल्लीवाला से आने वाले वाहनों को कमला पैलेस की ओर तथा लक्ष्मण चौक से आने वाले वाहनों को पार्क रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। शोभायात्रा के सहारनपुर चौक से झंडा बाजार में प्रवेश करने के बाद स्थिति सामान्य होने पर डायवर्जन समाप्त कर दिए जाएंगे।
घंटाघर से बिन्दाल की ओर बढ़ने के दौरान शोभायात्रा सड़क के आधे हिस्से का उपयोग करेगी और साथ-साथ सामान्य यातायात भी चलता रहेगा। यदि यातायात का दबाव बढ़ता है तो राजपुर से बिन्दाल जाने वाले ट्रैफिक को दर्शनलाल चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि दर्शनलाल चौक से चकराता रोड जाने वाले वाहनों को लैन्सडाउन चौक की ओर भेजा जाएगा।शोभायात्रा के सहारनपुर चौक से वापस शिवाजी धर्मशाला पहुंचने के दौरान प्रिंस चौक से लालपुल की ओर जाने वाले ट्रैफिक को आवश्यकतानुसार गऊघाट कट से मातावाला बाग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवा से जुड़े वाहनों को नहीं रोका जाएगा। साथ ही देहरादून की जनता से अपील की गई है कि शोभायात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों के बजाय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यथासंभव दोपहिया वाहनों का प्रयोग कर यातायात पुलिस का सहयोग करें।







