
brp_del_th:null;
brp_del_sen:null;
delta:null;
module: photo;hw-remosaic: false;touch: (-1.0, -1.0);sceneMode: 3145728;cct_value: 0;AI_Scene: (-1, -1);aec_lux: 0.0;aec_lux_index: 0;HdrStatus: auto;albedo: ;confidence: ;motionLevel: -1;weatherinfo: null;temperature: 41;
देहरादून 31 मार्च ।परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में आगामी श्री बालाजी जन्मोत्सव के अवसर पर श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर, देहरादून में आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों की जानकारी मंगलवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई। मंदिर सेवा दल के पदाधिकारियों ने बताया कि 2 अप्रैल 2026 को श्री बालाजी महाराज की 16वीं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिससे श्री हनुमान जन्मोत्सव के कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा।
सेवा दल के मुख्य सेवादार संजय कुमार गर्ग ने बताया कि 2 अप्रैल की प्रातः सबसे पहले मंदिर में श्री पंचमुखी सिंदूरिया हनुमान जी को सिंदूरिया चोला चढ़ाया जाएगा तथा मंदिर में विराजमान श्री बालाजी महाराज की प्रतिमा को हनुमान स्वरूप में वस्त्र एवं आभूषण अर्पित कर सवामणि का भोग लगाया जाएगा। इसके बाद जजमानों द्वारा हनुमान जी की प्रतिमा के समक्ष चौकी पूजन किया जाएगा। लगभग 51 हजार रुपये के मुकुट एवं आभूषणों से बालाजी महाराज का भव्य श्रृंगार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में अयोध्या स्थित श्री रामराजा मंदिर से लगभग 1500 किलोमीटर की यात्रा कर आई श्रीराम जी की पवित्र ज्योति तथा राजस्थान के मेहंदीपुर से आई श्री बालाजी महाराज की पवित्र ज्योति भी नगर परिक्रमा करेगी, जिनके दर्शन भक्तों को प्राप्त होंगे।
शोभायात्रा की विशेषता यह रहेगी कि बालाजी महाराज के डोले के आगे एक समान परिधान में लगभग 501 मातृशक्ति सिर पर कलश धारण कर भव्य कलश यात्रा में शामिल होंगी। पहली बार दिल्ली और राजस्थान से आए दो ड्रोन शोभायात्रा मार्ग पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा करेंगे। यात्रा में ऊंट, घोड़े, बग्गी के साथ विभिन्न जनपदों से आए प्रसिद्ध बैंड-बाजे, शहनाई, नासिक ढोल और कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
मथुरा, वृंदावन, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल और हरियाणा से आए कलाकार धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियों का प्रदर्शन करेंगे। इनमें देशभक्ति की झांकी, उत्तराखंड की सांस्कृतिक झांकी, कोटद्वार के सिद्धबली हनुमान जी और याबरी देवी की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। हवा में उड़ते हनुमान जी, घूमते हुए हनुमान जी और लड्डू गोपाल की झांकियां भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी। इन झांकियों की तैयारी पिछले लगभग 25 दिनों से मथुरा-वृंदावन के कलाकारों द्वारा की जा रही है।
हजारों-लाखों फूलों से सजे श्री बालाजी महाराज और श्री पृथ्वीनाथ महादेव के डोले भी शोभायात्रा की भव्यता बढ़ाएंगे, जिन्हें तैयार करने के लिए बिजनौर से विशेष कलाकार बुलाए गए हैं। शिव बारात में रुड़की से आई लगभग 51 अघोरी कलाकारों की टीम हैरतअंगेज प्रदर्शन करेगी, वहीं मुंबई से आए कलाकारों की टीम देशभक्ति की झांकी प्रस्तुत करेगी।शोभायात्रा में देसी घी से बना श्री बालाजी महाराज का कुंतलों प्रसाद पूरे मार्ग में वितरित किया जाएगा। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और जल बचाओ जैसे संदेशों वाले बैनरों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। शहर के विभिन्न बाजारों में लगभग 135 स्थानों पर शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा, जहां बाहुबली हनुमान जी की प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होगी।
युवा सेवा दल की ओर से लगभग 25 फुट लंबी पताका शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ाएगी, जिसे विशेष रूप से हरिद्वार में तैयार कराया गया है। यात्रा के दौरान लगभग 500 स्थानों पर फूलों की वर्षा की जाएगी, जिसके लिए रुड़की से विशेष मशीनों वाली टीम आ रही है। इसके अतिरिक्त कायस्थ सेवा दल द्वारा चित्रगुप्त जी की झांकी तथा अखिल ब्राह्मण सेवा सभा द्वारा भगवान परशुराम जी की झांकी भी प्रस्तुत की जाएगी।
शोभायात्रा सायं लगभग 3:30 बजे शिवाजी धर्मशाला से प्रारंभ होकर सरस्वती सोनी मार्ग, हिंदू नेशनल स्कूल, सहारनपुर चौक, झंडे बाजार, रामलीला बाजार, धामावाला, पलटन बाजार, कनॉट प्लेस, बिंदल चौक, तिलक रोड, साईं मंदिर, भंडारी चौक होते हुए पुनः रामलीला बाजार से लक्खीबाग पुलिस चौकी के सामने से गुजरते हुए रात्रि लगभग 8 बजे शिवाजी धर्मशाला पहुंचेगी। इसके बाद दोनों पवित्र ज्योत मंदिर में पहुंचेंगी, जहां आरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा।
यात्रा के सुचारू संचालन के लिए लगभग 110 सेवादारों की टीम तैनात रहेगी, जो विशेष रूप से यह सुनिश्चित करेगी कि मार्ग में आने-जाने वाले लोगों, छात्रों और एंबुलेंस को किसी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने बताया कि 4 अप्रैल को मंदिर परिसर में 100 बार हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ होगा तथा 5 अप्रैल को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
सेवा दल द्वारा सामाजिक सेवा के अंतर्गत 19 जून 2026 को जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म हाउस में आर्थिक रूप से कमजोर 51 कन्याओं का सामूहिक विवाह भी आयोजित किया जाएगा। विवाह योग्य कन्याओं का पंजीकरण मंदिर में कराया जा सकता है। विवाह चौधरी फार्म हाउस में संपन्न होगा, जबकि कन्याओं की विदाई श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर से की जाएगी। पात्रता की जांच के बाद योग्य सभी कन्याओं का विवाह कराया जाएगा।
प्रेस वार्ता में नवीन गुप्ता, विक्की गोयल, कपिल गुप्ता, विवेक मोहन श्रीवास्तव, प्रदीप दुग्गल, मनमोहन शर्मा, रोहित अग्रवाल, शैलेंद्र सिंघल, आराध्य मित्तल, अनिल गोयल, राजकुमार गुप्ता, तुषार बंसल, प्रदीप गोयल, राजेंद्र आनंद, प्रीति गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।









