देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महावीर जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
महावीर जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान महावीर का जीवन मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका जीवन करुणा, शांति, सत्य, अहिंसा, त्याग, प्रेम और आत्मसंयम जैसे उच्च मूल्यों का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान महावीर द्वारा दी गई शिक्षाएं समाज में नैतिकता, सदाचार और मानवता के मूल्यों को मजबूत करने वाली हैं। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांत और उपदेश आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उस समय थे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भगवान महावीर के आदर्शों को अपनाकर समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से भगवान महावीर के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान भी किया।







