
देहरादून 26 मार्च। प्रदेश में तकनीकी शिक्षा के विस्तार के लिए आठ नए पॉलीटेक्निक कॉलेज खोले जाएंगे। इसके साथ ही विश्वविद्यालयों के कैंपस कॉलेजों और पॉलीटेक्निक संस्थानों में लंबे समय से खाली पड़े शैक्षणिक व शिक्षणेत्तर पदों पर जल्द स्थायी नियुक्ति की जाएगी।
तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग में पदोन्नति के लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और विभिन्न संवर्गों में रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए, ताकि संस्थानों में शैक्षणिक व्यवस्था मजबूत हो सके।मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में शिक्षकों की कमी को जल्द दूर किया जाए, जिससे छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा मिल सके।बैठक में विभाग के निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।डॉ. रावत ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में तकनीकी शिक्षा की पहुंच बढ़ाने के लिए चोपता (रुद्रप्रयाग), पोखरी (चमोली), पौड़ी व सतपुली (पौड़ी), नई टिहरी, टिपली (उत्तरकाशी), कपकोट (बागेश्वर) और पिथौरागढ़ में नए पॉलीटेक्निक संस्थान स्थापित किए जाएंगे।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन संस्थानों में छात्रावास की जरूरत है, उनके लिए डीपीआर तैयार कर जल्द शासन को प्रस्ताव भेजा जाए। साथ ही विभाग के विभिन्न संवर्गों में पदोन्नति के लिए लंबित डीपीसी जल्द कराने के निर्देश भी दिए।बैठक में तकनीकी शिक्षा विभाग और विभिन्न संस्थानों के अधिकारी मौजूद रहे।








