
बरेली, 24 मार्च 2026।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने ग्रीष्मकाल में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए 05060/05059 लालकुआँ–कोलकाता–लालकुआँ वाया गोरखपुर ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 02 अप्रैल से 25 जून 2026 तक लालकुआँ से प्रत्येक गुरुवार तथा 04 अप्रैल से 27 जून 2026 तक कोलकाता से प्रत्येक शनिवार कुल 13 फेरों के लिए संचालित की जाएगी।
रेलवे के अनुसार 05060 लालकुआँ–कोलकाता ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन 02 अप्रैल से प्रत्येक गुरुवार को लालकुआँ से 13:35 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन किच्छा, भोजीपुरा, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, कप्तानगंज, पडरौना, थावे, सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, किऊल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, चित्तरंजन, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान, बैण्डेल और नैहाटी होते हुए अगले दिन रात 23:55 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
वापसी में 05059 कोलकाता–लालकुआँ ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन 04 अप्रैल से प्रत्येक शनिवार को कोलकाता से सुबह 05:00 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन नैहाटी, बैण्डेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किऊल, बरौनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर, छपरा, सीवान, थावे, पडरौना, कप्तानगंज, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, लखीमपुर, गोला गोकर्णनाथ, मैलानी, पूरनपुर, पीलीभीत, भोजीपुरा और किच्छा होते हुए दूसरे दिन 15:45 बजे लालकुआँ पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार इस ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 01 जनरेटर सह लगेज यान, 01 एलएसएलआरडी, 04 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 06 शयनयान, 04 वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी, 01 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी तथा 01 वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी कोच शामिल होंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि ग्रीष्मकाल में यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से इस विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।








