
देहरादून 23 मार्च। पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को परेड ग्राउंड में आयोजित “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल—उत्तरोत्तर प्रगति पथ पर अग्रसर उत्तराखंड” कार्यक्रम में 401.86 करोड़ रुपये की लागत से 74 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 99.44 करोड़ रुपये की 33 योजनाओं का शिलान्यास तथा 302.42 करोड़ रुपये की 41 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के संतुलित विकास के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। जल निकासी, सीवरेज, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से आम जनता को सीधे लाभ मिलेगा।
सीवरेज और नमामि गंगे परियोजनाओं को मजबूती
कार्यक्रम में नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत सपेरा बस्ती क्षेत्र में लगभग 78.98 करोड़ रुपये की लागत से आई एंड डी तथा 15 एमएलडी एसटीपी निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा आराघर चौक से मोथरोवाला तक ट्रंक सीवर बिछाने, सहारनपुर चौक से पथरीबाग चौक तक सीवर लाइन निर्माण तथा इंदिरानगर आवास विकास कॉलोनी की जलोत्सारण पुनर्गठन योजना जैसी कई परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया।
ओम सिटी, कुसुम विहार और चमन विहार क्षेत्रों में सीवर लाइन योजनाओं के साथ इंदिरानगर स्थित 5 एमएलडी एसटीपी में एसपीएस निर्माण और संबंधित कार्यों का भी शुभारंभ हुआ।
स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि क्षेत्र को भी मिली मजबूती
चंदरनगर परिसर में शव विच्छेदन गृह के साथ कोल्ड चेन स्टोर और सभागार निर्माण, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छिद्दरवाला का निर्माण तथा सेलाकुई स्थित मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में 100 शैय्या वाले चिकित्सालय और आवासीय भवनों के निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया।
इसके साथ ही देहरादून जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कई राजकीय इंटर कॉलेजों में नए भवन निर्माण का लोकार्पण भी किया गया।
कृषि क्षेत्र में मारखमग्रांट में कृषि निवेश केंद्र का लोकार्पण किया गया, जबकि पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए पशुलोक ऋषिकेश में अतिरिक्त निर्माण कार्य भी पूरे किए गए।
कार्यक्रम में जगतपुर-दुधई, पैधा-मझौन, मुंशीघाटी-ध्वैरा देऊ, कोटी-डिमऊ, जमनीपुर-जामनखाता और बाड़वाला-जुड्डो मटोगी जैसे कई मोटर मार्गों के उन्नयन कार्यों का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में आंतरिक मार्गों के निर्माण और डामरीकरण से संबंधित अनेक योजनाओं का भी उद्घाटन किया गया।
बाढ़ सुरक्षा और सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने मसूरी, डोईवाला और विकासनगर क्षेत्रों में नदियों के किनारे बाढ़ सुरक्षा कार्यों से संबंधित कई योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें बांदल नदी, सुसवा नदी और जाखन नदी के किनारों पर सुरक्षा कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा डोईवाला, विकासनगर और सहसपुर क्षेत्रों में कई नहरों के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया, जिससे सिंचाई व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा।कार्यक्रम में नागल ज्वालापुर से डोईवाला के बीच सड़क चौड़ीकरण कार्य, राजपुर रोड क्षेत्र में पेयजल योजना सुदृढ़ीकरण तथा कई ग्राम पंचायतों में आंतरिक मार्गों के निर्माण की योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।








