गोविंदगढ़ में माँ चंद्रघंटा की आराधना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 21 मार्च। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर ब्रह्मकमल शक्ति संस्था की ओर से गोविंदगढ़ स्थित जय सियाराम मंदिर में “माँ शक्ति आराधना संध्या महोत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। तृतीय नवरात्र पर माँ चंद्रघंटा की आराधना के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भजन-कीर्तन के माध्यम से अपनी आस्था व्यक्त की।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने माँ दुर्गा के जयकारों के साथ भजन गाकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि व जनकल्याण की कामना की।

ब्रह्मकमल शक्ति संस्था के अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी उद्देश्य से संस्था विभिन्न स्थानों पर मातृशक्ति के सहयोग से “माँ शक्ति आराधना संध्या महोत्सव” का आयोजन कर रही है।

इस अवसर पर पूर्व पार्षद चरणजीत कौशल सहित श्रीराम कीर्तन मंडली के सदस्य कविता आहूजा, वंदना बमराड़ा, विनीता जोशी, गुरचरण कौशल, अमृता कौशल, सुनीता पंवार, हेमा पंत, रूपा उपाध्याय, शैली चांदना, तृप्ति, सोनू आहूजा और दीपा शर्मा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से मंदिर की कीर्तन मंडलियों और आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए माँ शक्ति से सभी के मंगल की कामना की।

Leave a Comment

और पढ़ें