
देहरादून 21 मार्च ।राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 23 से 25 मार्च 2026 तक पूरे प्रदेश में “जन-जन की सरकार—4 साल बेमिसाल” थीम के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
देहरादून में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 23 मार्च को अपराह्न 12:30 बजे संबोधन करेंगे, जिसका सजीव प्रसारण प्रदेश के अन्य 12 जनपदों में आयोजित कार्यक्रमों में भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों को स्पष्ट रूप से समझते हुए आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
जिलाधिकारी ने मंच, बैठने की व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल और सफाई सहित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम की मिनट-टू-मिनट रूपरेखा के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग को दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र और सहायक उपकरण वितरण की व्यवस्था करने को कहा गया। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, जल संस्थान को स्वच्छ पेयजल और जिला पूर्ति अधिकारी को जलपान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग को मंच निर्माण और बैरिकेडिंग, नगर निगम को सफाई व्यवस्था तथा पुलिस विभाग को सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्यक्रम सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यक्रम के दौरान सूचना विभाग द्वारा राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से संबंधित साहित्य का वितरण भी किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








