
देहरादून, 14 मार्च। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ से मुनस्यारी नगर पंचायत अध्यक्ष समेत कई जनप्रतिनिधियों ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद ने कहा कि सीमांत क्षेत्र से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों का पार्टी में शामिल होना धारचूला विधानसभा में जीत का शुभ संकेत है।
देहरादून स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नए सदस्यों को फूलमाला और पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार के कार्यों से विकास की गति तेज हुई है और प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड के विकास को लेकर जनता में भरोसा मजबूत हुआ है। यही कारण है कि विभिन्न क्षेत्रों के राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता भाजपा की नीतियों में विश्वास जताते हुए पार्टी से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ सीमांत क्षेत्र पिथौरागढ़ से जनप्रतिनिधियों का पार्टी में शामिल होना सरकार और संगठन के कार्यों के प्रभाव को दर्शाता है। भट्ट ने कहा कि धारचूला विधानसभा क्षेत्र में पिछली बार भाजपा बहुत कम अंतर, लगभग 1118 वोटों से जीत दर्ज करने से रह गई थी, लेकिन इस बार यह कमी पूरी कर जीत सुनिश्चित की जाएगी।
प्रदेश महामंत्री के संचालन में हुए कार्यक्रम में मुनस्यारी नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र पांगती, गणेश पांगती, जितेंद्र जोठा, हंसा देवी, सुरेंद्र सिंह बृजवाल, पुष्कर सिंह, नवीन जौपनी, महेश रावत, सुरेंद्र सिंह निखुरप्पा, भूपेंद्र सिंह धर्मसत्तू, मनोज सिंह मर्तोलिया, मनोहर सिंह घपवाल, नितिन रावत, कृष्णा पांगती, दीपू बृजवाल, कैलाश जेरठा, राजू बम, दिनेश बृजवाल और लाजवंत बृजवाल समेत बड़ी संख्या में सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, दायित्वधारी सुभाष बड़थ्वाल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक और पिथौरागढ़ जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी समेत कई वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।






