मेधावी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजनाएं बनीं वरदान, 21 हजार से अधिक बच्चों को मिला लाभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

देहरादून 12 मार्च। प्रदेश के मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहयोग प्रदान कर रही है। सरकार की इन योजनाओं का लाभ अब तक 21 हजार 743 से अधिक विद्यार्थियों को मिल चुका है, जिसके तहत कुल 17 करोड़ 67 लाख 77 हजार 300 रुपये की छात्रवृत्ति वितरित की गई है।

सरकार द्वारा संचालित योजनाओं में मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना का लाभ सबसे अधिक छात्रों को मिला है। इस योजना के तहत अब तक 17 हजार 852 मेधावी विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं।

विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सदन में जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत कक्षा 6 से 12 तक के मेधावी विद्यार्थियों को 600 से 1200 रुपये तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है।

इसके अलावा प्रदेश में कई अन्य छात्रवृत्ति योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं। श्रीदेव सुमन राज्य योग्यता छात्रवृत्ति योजना के तहत अब तक 3 हजार 289 छात्रों को लाभ मिला है, जबकि डॉ. शिवानंद नौटियाल स्मृति छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 527 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा चुकी है।

राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कोर छात्रवृत्ति योजना भी संचालित की जा रही है। साथ ही प्रदेश से बाहर स्थित सैनिक स्कूलों में पढ़ रहे मेधावी छात्रों को भी छात्रवृत्ति का लाभ प्रदान किया जा रहा है।

सरकार का कहना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहन देना और उन्हें बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है।

Leave a Comment

और पढ़ें