देहरादून, 04 मार्च 2026। रंगों और खुशियों के पर्व होली के अवसर पर दून पुलिस परिवार के साथ एसएसपी देहरादून ने सादगी और उत्साह के साथ त्योहार मनाया। आमजन की सुरक्षा में तैनात पुलिस जवानों के बीच पहुंचकर एसएसपी ने उन्हें रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि पुलिस बल केवल एक विभाग नहीं, बल्कि एक परिवार है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य की सीमाओं के कारण जब आम लोग अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाते हैं, तब पुलिसकर्मी शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने परिवार से दूर रहकर पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी निभाते हैं। ऐसे में पुलिस परिवार का आपस में मिलकर त्योहार मनाना एकजुटता और भाईचारे का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। माहौल उल्लासपूर्ण और आत्मीयता से भरा रहा। वरिष्ठ अधिकारियों ने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरित किया कि उनकी सतर्कता ही आमजन की सुरक्षा की गारंटी है।







