हल्द्वानी में पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का शुभारंभ मुख्यमंत्री धामी ने बताया स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा कदम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


हल्द्वानी 28 फरवरी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जनपद नैनीताल के हल्द्वानी स्थित रामपुर रोड पर 250 बेड के पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर का शुभारंभ किया। उन्होंने इसे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अवसर केवल एक अस्पताल के उद्घाटन का नहीं, बल्कि संघर्ष, संकल्प और सेवा की प्रेरक यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने संस्थान के संस्थापक जगदीश सिंह पिमोली को बधाई देते हुए कहा कि जनपद बागेश्वर के गागरी गोल गांव से निकलकर उन्होंने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान स्थापित की है, जो युवाओं के लिए प्रेरणा है। साधारण ग्रामीण परिवेश से शुरू हुई उनकी यात्रा आज एक आधुनिक चिकित्सा संस्थान की स्थापना तक पहुंची है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भविष्य में चिकित्सा उत्कृष्टता के क्षेत्र में उत्तराखंड को और अधिक सशक्त बनाएगा। इससे कुमाऊँ क्षेत्र सहित आसपास के जिलों के मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है। उन्होंने कहा कि बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए यह अभियान मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आयुष्मान उत्तराखंड योजना के अंतर्गत 61 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। निःशुल्क जांच योजना के तहत 207 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांचें बिना शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि ऊधमसिंह नगर में आल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने होली गायन में भी सहभागिता की और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें