
हल्द्वानी 28 फरवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए ₹147 करोड़ 28.56 लाख की लागत से 40 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
इनमें ₹72 करोड़ 38 लाख की लागत से 23 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹74 करोड़ 90 लाख 56 हजार की लागत से 17 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास योजनाओं से नैनीताल जिला विकास की नई रफ्तार से आगे बढ़ेगा। राज्य सरकार उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रत्येक क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लिए गए कई ऐतिहासिक निर्णय अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ राज्य की विरासत को भी सहेजा जा रहा है। समान नागरिक संहिता, सख्त नकल-विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णय राज्य की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य की संस्कृति, विरासत और पवित्रता से किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
23 विकास कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब, कोटाबाग, महादेवपुरम, झलुवाझाला, बेलपोखरा और बैलपडाव में नलकूप निर्माण, महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण तथा लालकुआं में नलकूपों पर स्टैबलाइज़र स्थापना का लोकार्पण किया।
इसके अलावा जल जीवन मिशन के अंतर्गत 14 पेयजल योजनाओं—हरिपुर लच्छी, कालूपुर पोखरिया, जीतपुर रैक्वाल, देवलातल्ला, भवानसिंह नवाड़, बसन्तपुर, किशनपुर रैक्वाल, चोरगलिया आमखेड़ा, जयराम परमा, हल्दूचौड़ जग्गी, भवानीपुर कृष्णा, पाडलीपुर, भगवानपुर दुर्गापुर और बकुटिया—का लोकार्पण किया गया। साथ ही रामगढ़ में पशु चिकित्सालय भवन निर्माण सहित कुल 23 विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।
17 योजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने कसियालेख-धारी मोटर मार्ग, रानीबाग-खुटानी, चाफी-पदमपुरी-धानाचुली, मोतियापाथर-शहरफाटक मार्ग सुधारीकरण, नैनीताल में अनावासीय भवन निर्माण, भेंटी-दियारी-खोली मोटर मार्ग, पाण्डे नवाड़ में नशा मुक्ति केंद्र मरम्मत, नवाबी रोड सीवरेज कार्य, 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण, नारीमन तिराहे से गौलापुर सड़क मरम्मत, देवरामपुर-गौलागेट सड़क सुधारीकरण, हल्दूचौड़-गौलारोड डीबीएमसी कार्य, चांदनी चौक-घुड़दौड़ मार्ग सुधारीकरण, पीपल पोखरा में राइजिंग स्टेशन, हिम्मतपुर-बैजनाथ पीसी कार्य, वृन्दावन विहार एवं चांदनी चौक में पीसी नवनिर्माण, गुसाईपुर सड़क सुधारीकरण एवं पनचक्की-चौफुला-कठघरिया नहर कवरिंग कार्य सहित विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया।
154.43 करोड़ की पेयजल योजना का भूमि पूजन
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री घोषणा के अनुपालन में विशेष योजनांतर्गत सहायता (एसपीए) कार्यक्रम के तहत स्वीकृत हल्द्वानी-काठगोदाम श्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना, जिसकी कुल लागत ₹154 करोड़ 43 लाख है, का भी भूमि पूजन किया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, विधायक राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








