पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत को दी ₹74.54 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगा
चम्पावत, 27 फरवरी 2026 । अपने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व प्रसिद्ध माँ पूर्णागिरि मंदिर मेला-2026 का भव्य शुभारंभ करने के साथ ही जनपद चम्पावत को 74.54 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कुल 7454.74 लाख रुपये की 9 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर उन्हें जनता को समर्पित किया।
₹64.95 करोड़ की 5 योजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने 6495.34 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुई पाँच प्रमुख योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें टनकपुर-जौलजीबी मोटर मार्ग पर चलथी नदी के ऊपर 5014 लाख रुपये की लागत से निर्मित 690 मीटर लंबा दो लेन प्री-स्ट्रेस्ड मोटर सेतु शामिल है, जो सीमांत क्षेत्र की कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा पीएम जनमन योजना के अंतर्गत बुक्सा एवं राजी जनजाति के उत्थान हेतु ग्राम खिरद्वारी में 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित बहुउद्देशीय भवन का भी लोकार्पण किया गया।
राजकीय पशु प्रजनन फार्म, नरियाल गांव (चम्पावत) के प्रथम चरण के विकास कार्यों (659.01 लाख रुपये) को जनता को समर्पित किया गया।
गुरु गोरखधाम में 271.39 लाख रुपये की लागत से विकसित पर्यटक अवस्थापना सुविधाओं तथा श्यामलाताल क्षेत्र को ईको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने के लिए 490.94 लाख रुपये के लेक फ्रंट डेवलपमेंट कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।
₹9.59 करोड़ की 4 योजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने 959.49 लाख रुपये की लागत से चार नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से स्वीकृत 498.50 लाख रुपये के विभिन्न जनोपयोगी निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी गई।
ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा तहसील बाराकोट में 302.50 लाख रुपये की लागत से अनावासीय भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत ब्रिडकुल (यूनिट पिथौरागढ़) द्वारा एड़ी मेला स्थल, कालूखान के 81.50 लाख रुपये के सौंदर्यकरण कार्य तथा नगर पंचायत बनबसा स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर में 76.90 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पार्क का शिलान्यास भी किया गया।
विकास, रोजगार और पर्यटन को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के साथ चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज लोकार्पित और शिलान्यास की गई योजनाएं स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, पर्यटन संवर्धन और आवागमन की सुविधाओं को सुदृढ़ करेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि माँ पूर्णागिरि का आशीर्वाद प्रदेश पर बना रहेगा और उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान मजबूत करेगा।
इस अवसर पर सांसद अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार एवं प्रकाश तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, पूर्णागिरि मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी, उपाध्यक्ष भुवन पांडे, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।







