चम्पावत, 19 फरवरी। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को जनपद चम्पावत के टनकपुर में लगभग ₹3.41 करोड़ की लागत से नवनिर्मित आधुनिक सैनिक विश्राम गृह का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने भवन की संरचना, उपलब्ध सुविधाओं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों को संतोषजनक बताते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्र टनकपुर में इस आधुनिक सैनिक विश्राम गृह का निर्माण पूर्व सैनिकों और सेवारत सैनिकों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा।
मंत्री जोशी ने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। यह विश्राम गृह सीमावर्ती क्षेत्र में आवागमन करने वाले सैनिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराएगा, जिससे उन्हें अस्थायी प्रवास के दौरान बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भवन का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि सैनिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने दोहराया कि सैनिकों का सम्मान और उनके हितों की रक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, गौरव सैनानी समिति अध्यक्ष कैप्टन भानी चंद, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (सेवानिवृत्त) कर्नल उमेद सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।







