मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर में बुक्सा जनजाति के राजा जगतदेव की प्रतिमा का किया वर्चुअल अनावरण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उधमसिंह नगर, 02 जनवरी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उधमसिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रोशनपुर डलबाबा में बुक्सा जनजाति समाज के वीर योद्धा राजा जगतदेव की प्रतिमा का वर्चुअल माध्यम से अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजा जगतदेव के जीवन को त्याग, वीरता, धर्मनिष्ठा और संस्कृति संरक्षण का अमूल्य उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अवसर केवल एक प्रतिमा के अनावरण का नहीं, बल्कि बुक्सा जनजाति की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और बलिदान को नमन करने का दिन है। उन्होंने कहा कि राजा जगतदेव जी ने कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। उनकी गाथा केवल वीरता की नहीं, बल्कि स्वाभिमान और आस्था की अदम्य शक्ति का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उधमसिंह नगर, नैनीताल, कोटद्वार सहित प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में निवास करने वाला बुक्सा समाज आज भी अपनी संस्कृति, परंपरा और आत्मसम्मान को जीवंत बनाए हुए है। राज्य सरकार जनजातीय समुदायों के सांस्कृतिक संरक्षण, इतिहास के दस्तावेजीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार के क्षेत्र में पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि राजा जगतदेव जी की गौरवगाथा पर शोध कार्य कराए जाने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके जीवन से प्रेरणा ले सकें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने ग्राम सभा रोशनपुर स्थित डलबाबा मंदिर परिसर में चाहरदीवारी, टीनशेड, फर्श और शौचालय निर्माण कराने की घोषणा की। साथ ही ग्राम बलरामनगर से खेमपुर तक 3 किलोमीटर सड़क तथा ग्राम सीतापुर से एएनके इंटर कॉलेज तक 4 किलोमीटर सड़क के पुनर्निर्माण कार्य कराए जाने की घोषणा की।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ, दर्जा मंत्री मंजीत सिंह राजू, जिलाधिकारी उधमसिंह नगर नितिन भदौरिया तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें