
चम्पावत 02 जनवरी ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर में मिनी विकास भवन/राजस्व भवन (बार भवन) के निर्माण हेतु ₹533.79 लाख की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए प्रथम किश्त के रूप में ₹213.51 लाख की धनराशि भी निर्गत की गई है।
यह भवन पूर्णागिरि तहसील, टनकपुर में उत्तराखण्ड पेयजल निगम, लोहाघाट द्वारा निर्मित किया जाएगा। टीएसी एवं नियोजन विभाग द्वारा परीक्षणोपरांत प्रस्ताव को औचित्यपूर्ण पाए जाने पर स्वीकृति दी गई है।
मिनी विकास भवन की स्थापना का उद्देश्य टनकपुर एवं आसपास के पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों के नागरिकों को प्रशासनिक सेवाएँ उनके निकट उपलब्ध कराना है, जिससे जिला मुख्यालय के अनावश्यक चक्कर से राहत मिलेगी। तीन मंजिला प्रस्तावित भवन में राजस्व, विकास, सामाजिक कल्याण, जन-शिकायत निस्तारण सहित विभिन्न विभागों की सेवाएँ एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। भवन में जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी कार्यालय, बैठक कक्ष, एटीएम तथा अन्य नागरिक सुविधाएँ भी विकसित की जाएंगी।
टनकपुर के व्यापारिक, धार्मिक और सीमा-संबंधी महत्व को देखते हुए यह भवन प्रशासनिक पहुँच को सुदृढ़ करेगा। साथ ही पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं, सीमांत क्षेत्रों के ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों को त्वरित एवं सुगम सेवाएँ मिलेंगी। शारदा कॉरिडोर परियोजना के प्रभावी संचालन और निगरानी में भी यह भवन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मिनी विकास भवन से क्षेत्र को नई प्रशासनिक पहचान मिलेगी, विकास कार्यों में गति आएगी और नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुगम सेवाएँ उपलब्ध होंगी।






