अटल जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा मुख्यालय में दीपोत्सव, सीएम धामी सहित शीर्ष नेतृत्व ने दी श्रद्धांजलि

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून, 24 दिसंबर। भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की जयंती की पूर्व संध्या पर भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने अटल जी को दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप जलाया और उनके योगदान को भावपूर्ण स्मरण किया। उन्होंने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में देश को मजबूत राष्ट्र निर्माण की स्पष्ट दिशा मिली। सुशासन और विकास का जो मूल मंत्र उन्होंने स्थापित किया, वह आज भी भाजपा की सभी सरकारों के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार अटल जी की नीतियों और विचारों का अनुसरण करते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। संगठन के लिए अटल जी का संपूर्ण जीवन वैचारिक और सैद्धांतिक दृष्टि से एक प्रेरक विश्वकोश के समान है, जो श्रेष्ठ कार्यकर्ता और जागरूक नागरिक निर्माण की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष नरेश बंसल और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने भी दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, खजान दास, सविता कपूर, देहरादून महापौर सौरभ थपलियाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, सरकार में दायित्वधारी डॉ. देवेंद्र भसीन, विनोद उनियाल, सुभाष बड़थ्वाल, मुफ्ती शमीम काजमी, पूर्व प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी सहित बड़ी संख्या में प्रदेश पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से अटल बिहारी वाजपेई के राष्ट्रवादी विचारों, सुशासन की परंपरा और संगठनात्मक मूल्यों को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें