
सैनिकों व अग्निवीरों से संवाद कर किया उत्साहवर्धन, प्रशिक्षण व कल्याण गतिविधियों का लिया जायजा
रानीखेत 23 दिसंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र, रानीखेत पहुंचकर अमर बलिदानियों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने सैनिकों एवं अग्निवीरों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा देशसेवा के प्रति उनके जज्बे की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने रेजीमेंट केंद्र में प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं, आधुनिक हथियार प्रणालियों तथा वीर नारियों के कल्याण से जुड़ी गतिविधियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सैनिकों का अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण राष्ट्र की सुरक्षा की मजबूत नींव है।
कुमाऊं रेजीमेंट मुख्यालय के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने सैन्य अधिकारियों एवं सैनिकों के परिवारजनों से भी भेंट की। सैनिकों और अग्निवीरों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में भारतीय सेना पहले से अधिक सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर बनी है। आज हमारी सेना दुश्मनों की हर चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देते हुए देश की सीमाओं की मजबूती से रक्षा कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों तथा अमर बलिदानियों के आश्रितों के सम्मान और कल्याण के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पेंशन एवं आर्थिक सहायता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि वीर परिवारों को हर स्तर पर सम्मान, सुरक्षा और संबल मिल सके।







