मुंबई, दिसंबर 2025।
सोनी सब का लोकप्रिय पौराणिक शो ‘गाथा शिव परिवार की – गणेश कार्तिकेय’ देवों के प्रथम परिवार—भगवान शिव, देवी पार्वती, भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय—की अनकही कथाओं को अद्भुत भव्यता और पारिवारिक भावनाओं के साथ प्रस्तुत करता है। आध्यात्मिकता और संवेदनाओं का यह संगम दर्शकों को शिव परिवार की परंपराओं, बंधनों और संघर्षों की गहराई से परिचित कराता है।
आने वाले एपिसोड में कथा उस महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंचने वाली है, जहां भगवान गणेश के शुभ विवाह का अध्याय खुलने जा रहा है। तुलसी (गीत जैन) द्वारा विवाह का प्रस्ताव रखने पर भगवान गणेश उसे विनम्रता से अस्वीकार कर देते हैं। आहत तुलसी उन्हें यह शाप देती हैं कि भगवान गणेश का दो बार विवाह होगा और वे दो पत्नियों से बंधे रहेंगे। यही शाप एक गहरे ब्रह्मांडीय सत्य का मार्ग खोलता है—भगवान गणेश का भगवान ब्रह्मा (आर.के. दत्ता) की पुत्रियों रिद्धि (नारायणी वर्णे) और सिद्धि (श्रेया पटेल) के साथ पवित्र विवाह होने वाला है।
देवी पार्वती जब अपने पुत्र में यह दिव्य परिवर्तन देखती हैं और उनके भीतर से दो प्रकाश किरणें निकलते हुए महसूस करती हैं, तभी उन्हें समझ आता है कि गणेश के जीवन में उनकी नियत दुल्हनें प्रवेश करने वाली हैं। यह क्षण न केवल आध्यात्मिक रूप से अद्वितीय है बल्कि शिव परिवार के लिए भावनाओं से भरा एक महान पर्व भी बनने जा रहा है।
देवी पार्वती की भूमिका निभा रहीं श्रेनु पारिख कहती हैं—
“मेरे लिए यह ट्रैक बेहद खास है। एक माँ के रूप में अपने पुत्र के जीवन में नए अध्याय की शुरुआत देखना अत्यंत भावुक और सुखद अनुभव है। गणेश का रिद्धि–सिद्धि के साथ विवाह सिर्फ एक दिव्य घटना नहीं, बल्कि पूरे शिव परिवार के लिए एक सुंदर और हृदयस्पर्शी क्षण है।”







