मुख्यमंत्री घोषणाओं पर तेज़ी लाने के निर्देश—लापरवाही पर डीएम सविन बंसल ने दिखाई कड़ी नाराज़गी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सभी विभागों को चेतावनी—पोर्टल पर प्रगति तुरंत अपडेट करें, देरी और बहानों की कोई गुंजाइश नहीं

देहरादून, 10 दिसंबर ।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं की विभागवार विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ये घोषणाएं सरकार की शीर्ष प्राथमिकता हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही अस्वीकार्य होगी।

बैठक में विभिन्न विभागों की प्रस्तुतियों का अवलोकन करते हुए डीएम ने धीमी प्रगति पर नाराज़गी जताई। विशेषकर आवास, एमडीडीए, नगर निगम, खेल तथा युवा कल्याण विभागों में भूमि चयन से जुड़ी समस्याओं पर उन्होंने निर्देश दिए कि एसडीएम के साथ समन्वय करके सभी बाधाओं को शीघ्र दूर किया जाए। डीएम ने कहा कि जो घोषणाएं अन्य विभागों को स्थानांतरित की जानी हैं, उनके प्रस्ताव तत्काल तैयार कर संबंधित विभागों को भेजे जाएं।

उन्होंने दोहराया कि सभी विभाग मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति ऑनलाइन पोर्टल पर तुरंत अपडेट करना सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा, “सीएम घोषणाओं पर किसी भी प्रकार का तर्क-वितर्क, देरी या शिथिलता क्षम्य नहीं है।”

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिला स्तर पर जिन घोषणाओं पर कार्रवाई प्रस्तावित है, उन पर तुरंत और त्वरित गति से कार्य किया जाए। निर्माण कार्यों के लिए आंगणन गठित करते हुए टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए। शासन स्तर पर लंबित स्वीकृतियों को संबंधित विभाग प्रभावी रूप से परस्यू करें, ताकि समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि जिन घोषणाओं का क्रियान्वयन संभव नहीं है, उन्हें शासन से अनुमोदन लेकर विलोपित किया जाए, जबकि स्वीकृत घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यों, विकास परियोजनाओं, जनसुविधाओं के विस्तार व अवसंरचना से जुड़े मुद्दों पर भी विभागवार समीक्षा की गई।
जिले में वर्ष 2021 से अब तक मुख्यमंत्री द्वारा कुल 491 घोषणाएं की गईं, जिनमें से 305 पूरी हो चुकी हैं। 107 घोषणाएं प्रगति पर हैं, 76 पर शासन एवं विभागीय स्तर पर कार्यवाही चल रही है जबकि 3 घोषणाएं मर्ज की जा चुकी हैं। इसमें लोक निर्माण विभाग की 10, आवास 05, पेयजल 07, शहरी विकास 12, समाज कल्याण 10, विद्यालयी शिक्षा 09, वन 04, पर्यटन 06, युवा कल्याण 04, पंचायती राज 03 और बाल विकास विभाग की 02 घोषणाएं सम्मिलित हैं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.के. शर्मा, सीईओ वी.के. ढौडियाल, डीडीओ सुनील कुमार, डीएसटीओ एस.के. गिरी सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें