उच्च शिक्षा विभाग को मिले 5 नए सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष, मंत्री डॉ. रावत ने सौंपे नियुक्ति पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 10 दिसंबर ।
उत्तराखंड के उच्च शिक्षा विभाग को आज बड़ी उपलब्धि मिली, जब उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित पाँच सहायक पुस्तकालयाध्यक्षों को उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

अपने शासकीय आवास पर आयोजित कार्यक्रम में डॉ. रावत ने सभी चयनितों को शुभकामनाएँ दीं और कहा कि राज्य सरकार लगातार उच्च शिक्षा विभाग में रिक्त पदों को भरने की दिशा में कार्यरत है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि नए सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे।

सभी पाँचों अभ्यर्थियों को दुर्गम क्षेत्रों के महाविद्यालयों में प्रथम तैनाती दी गई है। इनमें संतोशी गौड़ को राजकीय महाविद्यालय नैनीडांडा, अर्पित कुमार सिंह को उपरैंखाल, प्रीति जोशी को भतरौंजखान, चंदन सिंह जीना को थलीसैंण और मनोज कुमार को राजकीय महाविद्यालय सोमेश्वर में नियुक्त किया गया है।

मंत्री डॉ. रावत ने कहा कि इन नियुक्तियों से महाविद्यालयों के पुस्तकालय संचालन में सुधार होगा, छात्रों को समय पर पुस्तकें मिल पाएंगी और पुस्तकालय प्रबंधन और व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा सकेगा।

कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. ए.एस. उनियाल, उप निदेशक डॉ. ममता नैथानी, सहायक निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार, वीरेंद्र रावत सहित अन्य अधिकारी, नव नियुक्त अभ्यर्थी और उनके परिजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें