ट्रूकॉलर ने परिवारों को स्कैम से बचाने के लिए लॉन्च किया नया फीचर ‘फैमिली प्रोटेक्शन’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

देहरादून 10 दिसंबर । डिजिटल सुरक्षा को और मजबूत बनाते हुए ट्रूकॉलर ने अपने नए फीचर ‘फैमिली प्रोटेक्शन’ की शुरुआत की है। इस फीचर का उद्देश्य परिवार के सदस्यों को एक भरोसेमंद ग्रुप के माध्यम से स्कैम और अनचाहे कॉल से सुरक्षा प्रदान करना है। यह सुविधा सीधे ट्रूकॉलर के एंड्रॉइड और iOS ऐप में उपलब्ध है।

कैसे करेगा सुरक्षा?
फ़ैमिली प्रोटेक्शन के तहत यूज़र्स अधिकतम पाँच सदस्यों का एक सुरक्षित फैमिली ग्रुप बना सकते हैं। इसमें एक फ़ैमिली एडमिन की भूमिका सबसे अहम होती है, जो पूरे ग्रुप की सुरक्षा सेटिंग्स नियंत्रित करता है। एडमिन ब्लॉकलिस्ट मैनेज कर सकता है, कॉल सुरक्षा का स्तर तय कर सकता है और परिवार के सदस्यों को संदिग्ध कॉल से निपटने के लिए निर्देश दे सकता है।

एंड्रॉइड पर रियल-टाइम अलर्ट
एंड्रॉइड उपयोगकर्ताओं के लिए यह फीचर और अधिक प्रभावी है। किसी सदस्य के फोन पर संभावित स्कैम कॉल आने पर एडमिन को तुरंत अलर्ट मिलता है और वह दूर बैठे ही संदिग्ध कॉल को ब्लॉक करने की कार्रवाई कर सकता है। इतना ही नहीं, एडमिन रियल-टाइम में फोन की बैटरी, एक्टिविटी और उपलब्धता जैसी जानकारी भी देख सकता है, जिससे जरूरत पड़ने पर सहायता करना आसान हो जाता है।

कम तकनीकी ज्ञान वालों के लिए सहायक
यह फीचर खासतौर पर उन परिवारों के लिए उपयोगी माना जा रहा है, जिनमें कुछ सदस्य स्मार्टफोन चलाने या डिजिटल सुरक्षा समझने में कमजोर हैं। तेजी से बदलते स्कैम तरीकों को देखते हुए ट्रूकॉलर का यह प्रयास परिवारों को सुरक्षित डिजिटल अनुभव देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

निःशुल्क लेकिन भविष्य के लिए फायदेमंद
फैमिली प्रोटेक्शन फीचर सभी के लिए मुफ्त है, हालांकि कंपनी का मानना है कि यह आगे चलकर उपयोगकर्ता जुड़ाव और प्रीमियम सेवाओं की ओर रुझान बढ़ाने में मदद करेगा।

सीईओ का बयान
ट्रूकॉलर के सीईओ ऋषित झुनझुनवाला ने कहा कि, “हम परिवारों को मन की शांति देना चाहते हैं। जैसे-जैसे स्कैम के तरीके बदल रहे हैं, हमारा लक्ष्य ट्रूकॉलर को ऐसा प्लेटफ़ॉर्म बनाना है जिस पर परिवार सुरक्षित संचार के लिए भरोसा कर सकें।”

ट्रूकॉलर का यह नया कदम परिवारक सुरक्षा को डिजिटल युग में और मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें