तराई में विकास की झड़ी — 11 उत्कृष्ट व्यक्तियों को किया सम्मानित
रुद्रपुर, 4 दिसम्बर ।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और तराई क्षेत्र के विकास के आधार स्तंभ पंडित राम सुमेर शुक्ल की 47वीं पुण्यतिथि पर रुद्रपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने पंडित शुक्ल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके जीवन परिचय से जुड़ी शिलापट्ट का अनावरण किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 11 व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पंडित राम सुमेर शुक्ल राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण के प्रतीक थे। मात्र 21 वर्ष की आयु में लाहौर अधिवेशन में द्विराष्ट्रवाद का विरोध कर उन्होंने देशव्यापी पहचान बनाई। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जेल यातनाएँ झेलने के बावजूद उनका साहस और समर्पण अटूट रहा। स्वतंत्रता के उपरांत भी उन्होंने किसानों, स्वतंत्रता सेनानियों और तराई क्षेत्र को विकसित करने को अपना जीवन लक्ष्य बनाया। तराई कॉलोनाइजेशन योजना के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने क्षेत्र के विकास की मजबूत नींव रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज रुद्रपुर और पूरा तराई जिस स्वरूप में दिखाई देता है, वह पंडित शुक्ल की दूरदृष्टि का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पंडित शुक्ल की विरासत को आगे बढ़ाने में उनके पुत्र एवं कार्यक्रम संयोजक राजेश शुक्ल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
तराई के व्यापक विकास के लिए मुख्यमंत्री की दर्जनों घोषणाएँ
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तीव्र गति से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। तराई क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, उद्योग और परिवहन से जुड़ी अनेक परियोजनाएँ तेजी से प्रगति पर हैं।
उन्होंने जानकारी दी ।
रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज पंडित शुक्ल के नाम पर निर्माणाधीन
590 करोड़ रुपये की लागत से रुद्रपुर बाईपास
खटीमा–टनकपुर व गदरपुर–जसपुर चार लेन सड़क का निर्माण
55 करोड़ की लागत से मानूनगर–गदरपुर–दिनेशपुर–हल्द्वानी मार्ग का चौड़ीकरण
रुद्रपुर रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण और नए रेल ओवरब्रिज
मास्टर ड्रेनेज प्लान, पिंक टॉयलेट निर्माण, कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और एडवांस वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट पर कार्य जारी
किच्छा में 351 करोड़ से एम्स ऋषिकेश का सैटेलाइट सेंटर
पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा
गदरपुर और खटीमा बाईपास, आधुनिक बस अड्डे और खेल सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीपुर में अरोमा पार्क, सितारगंज में प्लास्टिक पार्क, काशीपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर और पंतनगर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क उद्योग क्षेत्र में नई संभावनाएँ खोलेंगे। खुरपिया में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी भी क्षेत्रीय विकास का बड़ा केंद्र बनेगी।
उन्होंने बताया कि जमरानी बांध परियोजना पुनः शुरू कर दी गई है, जिससे क्षेत्र को पेयजल और सिंचाई की स्थायी सुविधा मिलेगी। साथ ही गन्ना किसानों के हित में एसएपी में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का “विकल्प रहित संकल्प” तराई को आधुनिक व समृद्ध क्षेत्र बनाना है, और यह पंडित राम सुमेर शुक्ल के सपने को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम है।
कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत के नेतृत्व में पंडित शुक्ल ने तराई के बसने में ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने कहा कि एम्स, मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क जैसी परियोजनाएँ तराई के उज्ज्वल भविष्य की झलक देती हैं।
समारोह के बाद मुख्यमंत्री राजेश शुक्ल के निवास पहुंचे, जहाँ उन्होंने उनके परिवारजनों से भेंट की, माताजी का आशीर्वाद लिया और भोजन ग्रहण किया।
कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जाधारी मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, खातिब मलिक, मंजीत सिंह, उत्तम दत्ता, नगराध्यक्ष मिंटू गुम्बर, मंजीत कौर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।









