देहरादून, 4 दिसम्बर 2025 ।
नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती को लेकर उठ रहे विवाद पर प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष प्रदेश के युवाओं को दिग्भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है, जबकि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से उत्तराखंड अधीनस्थ नर्सिंग (अराजपत्रित) सेवा (संशोधन) नियमावली, 2022 के प्रावधानों के अनुरूप और राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है।
डॉ. रावत ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग में 103 और चिकित्सा शिक्षा विभाग में 587 पदों पर नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती के लिए अधियाचन भेजा गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जा रही, बल्कि नियमावली के अनुसार लिखित परीक्षा के जरिये चयन होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछली बार विभागीय आवश्यकताओं और वर्षों से लंबित भर्ती के चलते युवाओं की मांग पर एक बार के लिए लिखित परीक्षा में छूट देते हुए वर्षवार मेरिट के आधार पर चयन किया गया था, जिसमें पारदर्शिता पूर्ण रूप से बरती गई थी। “यह प्रक्रिया सिर्फ एक बार के लिए थी, अब आगे सभी भर्तियां नियमों के अनुरूप ही होंगी,” उन्होंने स्पष्ट किया।
“विपक्ष अपनी उपलब्धियाँ बताए, झूठे आरोप न लगाए”
स्वास्थ्य मंत्री ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बयान को हताशा का प्रतीक बताते हुए कहा कि विपक्ष के पास जनता को बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है। “सरकार की रोजगारपरक नीतियों और विकास कार्यों से परेशान होकर विपक्ष जनता व युवाओं को गुमराह कर सत्ता हासिल करने का प्रयास कर रहा है,” उन्होंने कहा।
डॉ. रावत ने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वे सही मायने में जनता के हितैषी हैं, तो पृथक राज्य गठन के बाद अपने कार्यकाल की उपलब्धियाँ सामने रखें। उन्होंने भरोसा व्यक्त किया कि प्रदेश की शिक्षित जनता जानती है कि कौन-सा राजनीतिक दल उनके हित में काम कर रहा है।
अंत में उन्होंने दोहराया कि नर्सिंग भर्ती पूरी तरह पारदर्शी होगी और युवाओं के हित में राज्य सरकार लगातार अवसर उपलब्ध करा रही है।









