देहरादून, 03 दिसंबर 2025
जिलाधिकारी सविन बंसल ने मंगलवार को केदारपुरम स्थित राजकीय नारी निकेतन, बालिका निकेतन, बाल गृह एवं शिशु सदन का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, स्वच्छता, आवास व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की तस्दीक की और कई महत्वपूर्ण सुधारात्मक निर्देश दिए।
सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिला मजबूती
डीएम ने नारी निकेतन की सुरक्षा बढ़ाते हुए दो महिला होमगार्ड को तुरंत तैनात करने के आदेश दिए। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने हेतु दो अतिरिक्त नर्सों की नियुक्ति और तैनात डॉक्टर को नियमित विजिट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए आरबीएसके टीम को नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य परीक्षण करने के लिए कहा गया।
ठंड से बचाव और आधार सुविधाओं का विस्तार
बढ़ती ठंड को देखते हुए डीएम ने निकेतन में महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों को स्वेटर व टोपी वितरित किए। साथ ही आधार कार्ड सेवाओं को बढ़ाते हुए 11 मोबाइल फोन और सिम तत्काल स्वीकृत किए गए, ताकि सभी बच्चों व महिलाओं के आधार कार्ड बन सके।
इन्फ्रास्ट्रक्चर को लेकर सख्त निर्देश
डीएम ने बताया कि निकेतन में इन्फ्रास्ट्रक्चर, सीवर लाइन, डोरमैट्री और अन्य आवश्यक निर्माण कार्य जिला प्लान एवं खनन न्यास से पूरे किए जा रहे हैं।
उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग को निर्माणाधीन भवनों की कार्य गति तेज करने के निर्देश दिए और कहा कि अनावश्यक देरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नया डोरमैट्री भवन लगभग तैयार है और दो माह में समर्पित कर दिया जाएगा।
बालिकाओं के लिए खेल मैदान का निर्माण
बालिका निकेतन में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए डीएम ने समुचित खेल मैदान निर्माण के निर्देश दिए। इसमें खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन और योग की सुविधाएं शामिल की जाएंगी।
शिशु सदन के सभी कमरों में ठंड से बचाव को लेकर ऑयल हीटर लगाने के भी निर्देश दिए गए।
निकेतन में रहने वालों से संवाद
निरीक्षण के दौरान डीएम ने महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों से सीधा संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ये संस्थान बेहद संवेदनशील वर्ग की देखभाल करते हैं, इसलिए नियमित मॉनिटरिंग अनिवार्य है।
चल रहे विकास कार्यों में तेजी
नारी निकेतन, बालिका निकेतन और शिशु सदन में शौचालय, स्नानागार, डाइनिंग एरिया, जिम, किचन, इंवर्टर, लोहे के गेट, फैंसिंग, पार्किंग, स्थायी मंच, बच्चों के लिए रजाई-बेड आदि कई निर्माण/रखरखाव कार्य प्रगति पर हैं, जिन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसडीएम सदर हरिगिर, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, एसीएमओ डॉ. वंदना सेमवाल समेत कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









