एड्स के प्रति जानकारी बेहद आवश्यक” — डॉ. अमित शुक्ला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

देहरादून 2 दिसंबर।
विश्व एड्स दिवस के अवसर पर राज्य एड्स नियंत्रण समिति, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग उत्तराखंड की ओर से एचआईवी/एड्स विषय पर राज्य स्तरीय विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ गांधी पार्क से हुआ, जहां अपर परियोजना निदेशक डॉ. अमित शुक्ला, उपनिदेशक वित्त महेन्द्र कुमार, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी व यूथ रेडक्रॉस कमेटी सदस्य डॉ. अनिल वर्मा, यूसेक्स के संयुक्त निदेशक अनिल सती और सहायक निदेशक सौरभ सहगल ने प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली का संचालन जिला इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के प्रबंधन समिति सदस्य एवं यूथ रेडक्रॉस डिज़ास्टर मैनेजमेंट के मुख्य प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा के नेतृत्व में हुआ। इसमें डीएवी (पीजी) कॉलेज की डिज़ास्टर मैनेजमेंट टीम, दून मेडिकल नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवी संस्थान, सामाजिक संगठन तथा विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली गांधी पार्क से घंटाघर, दर्शनलाल चौक, बुद्धा पार्क, लैंसडाउन चौक, कनक चौक से होकर पुनः गांधी पार्क में संपन्न हुई।

प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता पोस्टर और बैनर थामे “एड्स हमारा दुश्मन है—मानवता का दुश्मन है”, “एड्स का ज्ञान—बचाये जान”, “एड्स से घृणा करो, एड्स रोगी से नहीं” जैसे नारे लगाकर समाज में एड्स के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। गांधी पार्क में प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए डॉ. अमित शुक्ला ने इस वर्ष की थीम “ओवरकमिंग डिसरप्शन, ट्रांसफॉर्मिंग द एड्स रिस्पांस” पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि एड्स नियंत्रण के प्रयासों में अवरोध पैदा करने वाली चुनौतियों की पहचान कर उनसे निपटना समय की मांग है।
उन्होंने इंजेक्शन आधारित नशे से दूर रहने और राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध नि:शुल्क जांच व उपचार सेवाओं का लाभ उठाने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने रैली की सफल व्यवस्था के लिए डॉ. अनिल वर्मा को धन्यवाद दिया।कार्यक्रम संचालक डॉ. अनिल वर्मा ने कहा कि एड्स दिवस मनाने का उद्देश्य समाज को एचआईवी/एड्स की वास्तविकता, संक्रमण, रोकथाम, उपचार एवं रोगियों के प्रति भेदभाव से मुक्त वातावरण के लिए शिक्षित करना है।
उन्होंने एचआईवी से एड्स बनने की प्रक्रिया, संक्रमण के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार की विस्तृत जानकारी देते हुए हेल्पलाइन नंबर 1097 और 1800 180 1200 साझा किए।
डॉ. वर्मा ने युवाओं को नशे से दूर रहने, असुरक्षित आचरण से बचने और विवाह से पूर्व एचआईवी एवं थैलेसीमिया की जांच अवश्य कराने की अपील की।रैली में प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट के साथ यूसैक्स के लोगो वाली विंडचीटर भी वितरित की गईंकार्यक्रम में राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के कोषाध्यक्ष मोहन सिंह खत्री, मेजर प्रेमलता वर्मा, डॉ. गौरव मांगलिक, प्रदीप हटवाल, संजय बिष्ट, गगन लूथरा, सुनील कुमार सिंह, हरीश सिंह, जगदीश अधिकारी, प्रकाश जोशी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, डिजास्टर मैनेजमेंट टीम और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

Leave a Comment

और पढ़ें