धराली आपदा पर सरकार की लापरवाही उजागर – 4 दिसंबर को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल करेगा स्थलीय निरीक्षण : गोदियाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

देहरादून 2 दिसंबर।
धराली आपदा को लेकर कर्नल अजय कोठियाल के हालिया खुलासों ने उत्तराखंड सरकार के आपदा प्रबंधन की पोल खोल दी है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कर्नल कोठियाल के बयान से साफ हो गया है कि सरकार द्वारा जारी किए गए आंकड़े अधूरे और भ्रामक हैं तथा राहत-पुनर्वास कार्यों में भारी लापरवाही बरती गई है।

गोदियाल ने बताया कि इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए उत्तराखंड कांग्रेस का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 4 दिसंबर, गुरुवार को धराली आपदाग्रस्त क्षेत्र का दौरा करेगा, जिसकी अगुवाई वे स्वयं करेंगे। प्रतिनिधिमंडल स्थानीय पीड़ित परिवारों से मिलकर वास्तविक स्थिति का आकलन करेगा और प्रशासनिक अनदेखी पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर महामहिम राज्यपाल को सौंपेगा, ताकि राज्यपाल और केंद्र सरकार उत्तराखंड सरकार पर प्रभावी कार्रवाई का दबाव बनाएं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को राजनीति का विषय नहीं, बल्कि संवेदना और जिम्मेदारी का विषय मानती है।
“धराली के लोग आज भी राहत और न्याय की प्रतीक्षा में हैं, जबकि सरकार केवल बैठकों और आंकड़ों तक सीमित है,” गोदियाल ने कहा।उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 2013 की आपदा के बाद कांग्रेस हाईकमान ने आपदा कार्यों में ढिलाई के कारण अपने ही मुख्यमंत्री को बदलने का कठोर निर्णय लिया था, लेकिन वर्तमान सरकार आपदाग्रस्त क्षेत्रों के प्रति संवेदनशीलता नहीं दिखा रही।गोदियाल ने कहा जब मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि ही धराली की स्थिति पर सरकार की पोल खोल रहे हैं, तो यह स्पष्ट है कि जनता से सच्चाई छुपाई गई है। कांग्रेस यह सुनिश्चित करेगी कि पीड़ितों को उचित मुआवजा, पुनर्वास और त्वरित खोज अभियान मिले।”उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का धराली दौरा मात्र औपचारिकता नहीं, बल्कि सच सामने लाने और पीड़ितों को न्याय दिलाने का संकल्प है, जो आपदा प्रभावित क्षेत्र की वास्तविक स्थिति पूरे प्रदेश के सामने रखेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें