हरिद्वार, 01 दिसंबर 2025 – गुरुकुल कांगड़ी हेलिपैड पर किसानों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का फूलों की माला और पुष्पवर्षा के साथ उत्साहजनक स्वागत किया। किसानों ने गन्ना भेंट कर उन्हें “किसान पुत्र” की उपाधि से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने स्वागत और सम्मान पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और किसानों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हित में पूरी तरह समर्पित है और उनकी आय बढ़ाने, फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस क्रम में गन्ने का समर्थन मूल्य ऐतिहासिक रूप से ₹405 प्रति क्विंटल तय किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में ₹30 अधिक है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की प्राथमिकता है कि चीनी मिलें किसानों को समय पर भुगतान करें। किसी भी भुगतान या क्रय में कमी पाए जाने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किसान सम्मान निधि, समर्थन मूल्य निर्धारण और समय पर भुगतान जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया।
लक्सर क्षेत्र की गंगदासपुर सड़क ऊँची करने और इकबालपुर व सितारगंज की बंद चीनी मिलों से हुई समस्याओं का समाधान करने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए। उन्होंने प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में भारी संख्या में आए किसानों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यकाल में किसान हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं और गन्ने के भाव में यह ऐतिहासिक वृद्धि किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय है।
कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, मेयर रूड़की अनिता अग्रवाल, उपाध्यक्ष/मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित अनेक जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में किसान उपस्थित रहे।








