टिहरी झील में इंटरनेशनल प्रेसिडेंट कप और टिहरी वाटर स्पोर्ट्स कप का भव्य समापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

22 देशों के 300 खिलाड़ी उतरे जल पर; सीएम धामी बोले—टिहरी बनेगा इंटरनेशनल एडवेंचर स्पोर्ट्स हब

देहरादून 30 नवम्बर।टिहरी झील में रविवार को आयोजित ‘इंटरनेशनल प्रेसिडेंट कप-2025’ और ‘चतुर्थ टिहरी वाटर स्पोर्ट्स कप-2025’ का शानदार समापन हुआ। समापन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत सहित 22 देशों से आए 300 से अधिक खिलाड़ियों से संवाद किया और उनके प्रदर्शन की सराहना की।

सीएम धामी ने कहा कि इतनी बड़ी अंतरराष्ट्रीय भागीदारी ने टिहरी झील को वैश्विक एडवेंचर स्पोर्ट्स मानचित्र पर मजबूती से स्थापित किया है। उन्होंने टीएचडीसी, एशियन कायकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन और उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन सहित सभी सहयोगी संस्थाओं का धन्यवाद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील अब केवल ऊर्जा केंद्र नहीं, बल्कि पर्यटन, जल क्रीड़ा और स्थानीय आजीविका का प्रमुख आधार बन चुकी है। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन लगातार होते रहें, जिससे साहसिक पर्यटन को गति मिले।

खेलभूमि बन रहा उत्तराखंड

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड ने हाल ही में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में 103 पदक जीतकर 7वां स्थान हासिल किया है, जिससे राज्य “देवभूमि” के साथ-साथ “खेलभूमि” के रूप में भी उभर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित होने से अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी संभव हो पाई है। देहरादून के आइस रिंक में हाल ही में आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता इसका बड़ा उदाहरण है।

23 नई खेल अकादमियाँ—हर साल 920 इंटरनेशनल एथलीट

सीएम ने घोषणा की कि राज्य में जल्द “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” लागू होगा जिसके तहत 23 नई खेल अकादमियाँ स्थापित की जाएँगी। इनमें हर साल 920 अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे। हल्द्वानी में राज्य का पहला स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज भी तेजी से विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि नई खेल नीति में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को सरकारी नौकरी दी जा रही है और स्पोर्ट्स कॉलेजों में निःशुल्क प्रशिक्षण-शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य में खिलाड़ियों के लिए चार प्रतिशत खेल कोटा भी पुनः लागू किया गया है।

‘खेल भावना ही असली जीत’ — सीएम धामी

समापन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि हार-जीत से ऊपर खेल भावना है। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ी निडर होकर अपने सपनों के लिए मेहनत करते रहें; सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक किशोर उपाध्याय, जिलाधिकारी व अन्य अधिकारी, टीएचडीसी के सीएमडी सीपन गर्ग, देश-विदेश से आए खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें