सीएम धामी ने “उत्तराखण्ड @25” पुस्तक का किया विमोचन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 30 नवंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में “उत्तराखण्ड @25 : लुकिंग बैक–लुकिंग फॉरवर्ड” पुस्तक का विमोचन किया। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र तथा भारतीय लोक प्रशासन संस्थान द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक में राज्य स्थापना के 25 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों, चुनौतियों और आगामी 25 वर्षों की संभावनाओं पर विस्तृत लेख संकलित किए गए हैं।

पुस्तक का विमोचन करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह अनुसंधानपरक संकलन राज्य की प्रगति पर उत्कृष्ट विश्लेषण प्रस्तुत करता है और भविष्य के लिए विकास की नई दिशा दिखाता है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन, आर्थिक विकास, पर्यावरण, ग्रामीण पलायन, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य-शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, कृषि, संस्कृति और पत्रकारिता जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के लेख नीति-निर्माताओं और शोधकर्ताओं के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने 25 वर्षों की यात्रा में चुनौतियों से जूझते हुए अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। सतत् विकास लक्ष्यों में राज्य देश में प्रथम स्थान पर रहा है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में “अचीवर्स” और स्टार्टअप रैंकिंग में “लीडर्स” श्रेणी मिली है। बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। लॉजिस्टिक्स परफॉर्मेंस और सिंगल विंडो सिस्टम में भी राज्य “अचीवर्स” और “टॉप अचीवर्स” की श्रेणी में रहा है। पर्यटन, मत्स्य विकास और कृषि आय वृद्धि जैसे क्षेत्रों में भी उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय पहचान बनाई है। समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य होने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्तराखंड की प्रगतिशील सोच का प्रमाण है।

“उत्तराखण्ड @25” पुस्तक में कुल 28 लेख शामिल हैं, जिनमें 31 लेखक एवं सह-लेखकों ने योगदान दिया है। कार्यक्रम में मुख्य संपादक एन.एस. नपलच्याल, संपादक एन. रवि शंकर, डॉ. सुधारानी पांडेय, दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के अध्यक्ष प्रो. बी.के. चौधरी, पूर्व मुख्य सचिव इन्दु कुमार पाण्डेय, राधा रतूड़ी, पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें