देहरादून, 30 नवंबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने आज लोकभाषा फिल्म सपना के मुहूर्त शॉट का टेक लेकर फिल्म निर्माण की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यह फिल्म अपने नाम के अनुरूप न केवल फिल्म निर्माताओं, बल्कि स्थानीय गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी संस्कृति प्रेमियों के सपनों को भी साकार करेगी।
भाजपा मुख्यालय में देवभूमि फिल्म प्रोडक्शन द्वारा आयोजित मुहूर्त कार्यक्रम में स्थानीय भाषा एवं संस्कृति से समृद्ध फिल्मों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर भट्ट ने कलाकारों एवं प्रोडक्शन टीम के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आग्रह किया कि फिल्म में राज्य की विभिन्न भाषाओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को गीतों और संवादों के माध्यम से व्यापक स्थान दिया जाए।उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्यता और सांस्कृतिक विविधता से भरपूर उत्तराखंड फिल्मों के लिए एक उत्कृष्ट डेस्टिनेशन बन चुका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में राज्य में फिल्म निर्माण गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। स्थानीय भाषाओं की फिल्मों का निर्माण बड़े स्तर पर होने के साथ-साथ वे आर्थिक रूप से भी सफल हो रही हैं। भट्ट ने फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों और तकनीकी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि सपना फिल्म आर्थिक सफलता के साथ-साथ उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति को भी नई पहचान दिलाएगी।
मुहूर्त कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, प्रदेश कार्यालय सचिव जगनमोहन रावत, दायित्वधारी सुभाष बड़थ्वाल, प्रदेश सह संयोजक मीडिया राजेंद्र सिंह नेगी, चंडी प्रसाद भट्ट सहित फिल्म निर्माता–निदेशक जय कृष्ण नौटियाल, वासुदेव सौते, मोहित घिल्डियाल, नरेंद्र पाल रावत, सृष्टि रावत, अनुष्का पंवार, रमेश नौडियाल, आंचल फर्स्वाण, हिमानी नेगी, इम्तियाज अली, सौरभ डबराल सहित फिल्म निर्माण यूनिट के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।






