रोजगार मेले में 215 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 24 अक्टूबर।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में आयोजित रोजगार मेले के तहत शुक्रवार को देहरादून में भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 215 नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम का आयोजन सर्वे ऑफ इंडिया के ऑडिटोरियम में किया गया, जिसमें उत्तराखंड डाक परिमंडल की मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्रीमती शशि शालिनी कुजूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

राज्य में जिन 215 युवाओं को नियुक्ति पत्र मिले, उनमें डाक विभाग के 59, रेलवे के 14, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के 81, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के 19, टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के 41 और आईआईएम सिरमौर के 1 नव-नियुक्त शामिल हैं।

मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्रीमती कुजूर ने सभी नव-नियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि वे तत्परता, निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और देश की प्रगति में योगदान दें। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला प्रधानमंत्री की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसके तहत युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि रोजगार मेला आगे भी रोजगार सृजन का एक मजबूत माध्यम बनकर युवाओं के सशक्तिकरण और राष्ट्रीय विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर उत्तराखंड परिमंडल के निदेशक डाक सेवाएं अनसूया प्रसाद चमोला, रेलवे के चीफ वेलफेयर ऑफिसर अनिल कुमार सैनी, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के सहायक कमांडेंट (आईटीबीपी) अरविंद खंडूड़ी, एसबीआई के मुख्य प्रबंधक राजीव कुमार सिंह, और टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड की एचआर अधिकारी झरना दलाई सहित डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें