मुख्यमंत्री धामी ने आपदा प्रभावितों के बीच मनाई दीपावली, कहा – सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 20 अक्टूबर ।

दीपों के पर्व दीपावली पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संवेदनशीलता और अपनत्व की मिसाल पेश की। सोमवार को वे सहस्त्रधारा स्थित मझाड़ा गाँव पहुँचे, जहाँ उन्होंने काली गाड़, मझाड़ा और आसपास के आपदा प्रभावित परिवारों के बीच दीपावली मनाई।

मुख्यमंत्री ने स्वयं घर-घर जाकर लोगों का हालचाल जाना, बच्चों से बातचीत की और महिलाओं से समस्याएँ सुनीं। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित हर व्यक्ति की पीड़ा सरकार की अपनी पीड़ा है। राज्य सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्निर्माण और सुरक्षा दीवार निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। साथ ही रिवर ट्रेनिंग कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके लिए वैकल्पिक आवास और किराया भुगतान की व्यवस्था प्राथमिकता पर की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली केवल रोशनी का नहीं, बल्कि संवेदनाओं और एकता का पर्व है — हमें हर परिस्थिति में उम्मीद और मुस्कान की ज्योति जलाए रखनी चाहिए।

मुख्यमंत्री के आगमन से गाँव में खुशी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री का इस तरह उनके बीच आना उनके कठिन समय में हौसला बढ़ाने वाला कदम है।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें