देहरादून 16 अक्प्रटूबर ।देश कांग्रेस द्वारा एक माह तक चलाए गए वोट चोर, गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान और प्रदर्शन का समापन होते ही प्रदेश भर से फार्म प्रदेश मुख्यालय पहुंचने शुरू हो गए हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने सभी जिला महानगर अध्यक्षों को पत्र भेजकर अपने-अपने जिलों की विधानसभा सीटों से जुटाए गए हस्ताक्षर युक्त फार्मों को प्रदेश मुख्यालय भेजने का आग्रह किया है।
आज पत्रकारों से बातचीत में
धस्माना ने बताया कि देहरादून की चकराता विधानसभा से लगभग पांच हजार लोगों के फार्म पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सबसे पहले जमा करवाए। वहीं देहरादून महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने तीन हजार, और प्रदेश कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल ने ग्यारह सौ फार्म प्रदेश मुख्यालय में जमा करवाए।
उन्होंने बताया कि सभी जिला अध्यक्षों को एक सप्ताह के भीतर अपने-अपने जिले की विधानसभा सीटों के फार्म जमा कर प्रदेश मुख्यालय भेजने हैं। ताकि इस माह के अंतिम सप्ताह तक प्रदेश अध्यक्ष के माध्यम से ये फार्म अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को सौंपे जा सकें।
सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि पूरे प्रदेश में वोट चोर, गद्दी छोड़ के तहत आयोजित धरना प्रदर्शन जनता का पूर्ण समर्थन प्राप्त करने में सफल रहे। साथ ही प्रदेश कांग्रेस द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री आवास कूच और अन्य कार्यक्रम भी बड़ी सफलता पूर्वक संपन्न हुए।








