दीपावली उत्सव से पहले कूर्मांचल परिषद में पारंपरिक रौनक, नई पीढ़ी ने भी दिखाया उत्साह
देहरादून 12 अक्टूबर ।




कूर्मांचल सांस्कृतिक एवं कल्याण परिषद की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपावली उत्सव के आगमन पर ऐपण कलात्मकता और मांगल गीतों की प्रस्तुति का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कूर्मांचल भवन परिसर में बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ कूर्मांचल भवन स्थित दुर्गा मंदिर में केंद्रीय अध्यक्ष कमल रजवार द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। इसके बाद परिषद की विभिन्न शाखाओं की महिलाओं ने लकड़ी के बोर्ड पर गेरू लगाया और चावल के बिस्वार से पारंपरिक ऐपण चौकियां उकेरीं। महिलाओं ने लक्ष्मी चौकी, आचार्य चौकी, नौ बिंदु स्वास्तिक, शिव पीठ, सूर्य चौकी, धूलि अर्घ्य चौकी, जनेऊ चौकी आदि पौराणिक ऐपण बनाए।
कार्यक्रम में पुष्पा परिहार, भावना पांडेय, मोहिनी कन्याल, प्रेम तिवारी, विमला मेहरा, गीता बिष्ट, विनीता चंद, पुष्प भट्ट, कमला पोखरिया, तारा ऊपरारी, पुष्पा धामी, कमला रावत, गीता तिवारी, मधु नेगी, सविता भट्ट, कमला उप्रेती, विमला बिष्ट, नीति भट्ट, आशा जोशी, रेनू शर्मा, मीरा ऐथानी समेत लगभग 120 महिलाओं ने हिस्सा लिया।
आधुनिक फैब्रिक पेंट के माध्यम से बच्चों ने भी अपनी कलात्मकता दिखाई। तनुजा तिवारी, लतिका तिवारी, राधिका भंडारी, नेहा सती, भावना जोशी, सीमा पाटनी, हिमानी चौधरी, बीना बिष्ट, कोमल ध्यानी, पूजा उप्रेती, प्रियंका जोशी, मधु राणा, नेहा पांडेय आदि बच्चों ने कपड़ों पर ऐपण डिज़ाइन तैयार किए।
केंद्रीय सांस्कृतिक सचिव बबीता साह लोहनी ने कहा कि “कुमाऊं की दीपावली ऐपण के बिना अधूरी है। चाहे कोई अमीर हो या गरीब, हर घर की देली में ऐपण अवश्य सजते हैं। पुराने समय में जहां गेरू-बिस्वार से आंगन सजते थे, वहीं आज सीमेंट के घरों में ऐपण पेंट और स्टीकर के रूप में हर दहलीज तक पहुंच चुके हैं।”
इस मौके पर महिलाओं ने पारंपरिक मांगल गीत प्रस्तुत किए — “शकुना दे शकुना”, “जय जय गणपति जय हे रम्भ”, “गणपति नाइल धोइले”, “झोड़ा खोली दे माता”, “खोल भवानी” जैसे गीतों से दुर्गा मंदिर और कूर्मांचल भवन का आंगन गूंज उठा।
कार्यक्रम में केंद्रीय अध्यक्ष कमल रजवार, महासचिव गोविंद पांडेय, विजय बिष्ट, वीरू बिष्ट, गंभीर सिंह रावत, दिनेश तिवारी, हरीश सनवाल, संतोष जोशी, भारती पांडेय, प्रेमा तिवारी, हंसा धामी, शर्मिष्ठा, कांता बिष्ट, वैशाली रावत, गंगा बिष्ट, कौशल्या देवी, दीपा शर्मा, कमला जोशी समेत बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
सभी कलाकारों को पार्षद देवकी नौटियाल और भारती पांडेय ने दीप और मोमबत्तियां भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक सचिव बबीता साह लोहनी ने किया।








